जमुई के गिद्धौर-झाझा मुख्य मार्ग पर केशोपुर नागी पुल के पास शुक्रवार सुबह एक बड़ी दुर्घटना हुई। बालू से भरा हाईवा तीखे मोड़ पर नियंत्रण खोकर 20 फीट गहरी खाई में जा गिरा।
.
दुर्घटना में हाईवा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गाड़ी खाई में गिरते समय कई पेड़ों को भी तोड़ता चला गया। हादसे के बाद चालक और उपचालक का कहीं पता नहीं चल पाया है।
केशोपुर नागी पुल के पास दुर्घटनाग्रस्त हाईवा।
घटना के दौरान गाड़ी की 80-90 किमी प्रति घंटे थी स्पीड
स्थानीय लोगों के अनुसार, गिद्धौर की तरफ से आ रहा हाईवा अनुमानित 80-90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहा था। तीखे मोड़ पर नियंत्रण खोने के कारण वाहन सीधा खाई में जा गिरा।
मौके पर पहुंची पुलिस, गाड़ी निकालने का प्रयास शुरू
घटना की सूचना मिलते ही झाझा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने JCB और क्रेन की मदद से गाड़ी को निकालने का प्रयास शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि चालक और उपचालक गाड़ी के नीचे दबे हो सकते हैं।
मामले की जांच जारी
झाझा थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चालक और उपचालक की खोजबीन जारी है।