होली में हुड़दंग मचाने वालों पर सख्ती से की जाएगी कार्रवाई।
बिलासपुर में होली से पहले पुलिस की सख्ती शुरू हो गई है। बुधवार की रात एसपी रजनेश सिंह ने 500 से अधिक जवानों के साथ शहर में फ्लैग मार्च निकालकर गश्त किया। जांच के दौरान शराब पीने वालों के साथ ही बदमाशों पर कार्रवाई भी की गई।
.
वहीं, जिला प्रशासन ने भी होली पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तहसीलदार और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई है।
होली पर कानून व्यवस्था बनाए रखने पुलिस ने तैयारी पूरी कर ली है। बुधवार की शाम से लेकर देर रात तक फ्लैग मार्च निकाल कर हुड़दंगियों को अलर्ट किया गया। वहीं, शहरवासियों को शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में होली मनाने की अपील की।
एसपी रजनेश सिंह और प्रशासनिक अफसरों की अगुवाई में जिले के 500 से ज्यादा अधिकारी और जवान मार्च में शामिल हुए। एसपी रजनेश सिंह ने कहा कि पर्व के दौरान हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा के लिहाज से आज शाम से ही चौक-चौराहों पर पुलिस जवान तैनात रहेंगे। साथ ही पुलिस अफसर और थानेदार पेट्रोलिंग करते नजर आएंगे।
होलिका दहन और होली पर्व पर पुलिस के साथ राजस्व विभाग के अधिकारी भी तैनात रहेंगे।
माहौल खराब करने वालों की खैर नहीं
एसपी सिंह ने कहा कि आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को साफ तौर पर हिदायत दी गई है कि पर्व के दौरान किसी तरह का माहौल खराब नहीं करें। होली पर हुडंदंग और मस्ती करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से पेश आएगी।
शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही लॉ एंड ऑर्डर संभालने के लिए पूरी तरह तैयार है। एसपी सिंह ने दावा किया है कि 2024 की तरह इस साल भी थानों में शून्य कायमी के लक्ष्य को लेकर सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए हैं।
कलेक्टर ने राजस्व अफसरों की लगाई ड्यूटी
होलिका दहन और होली पर्व के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तहसीलदार और कार्यपालिक अधिकारियों की ड्यूटी विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगाई गई है। कलेक्टर कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार तहसीलदार मुकेश देवांगन को सिविल लाइन और पुलिस कंट्रोल रूम में तैनात किया गया है।
अतिरिक्त तहसीलदार लखेश्वर प्रसाद किरण को तारबाहर थाना क्षेत्र, अतिरिक्त तहसीलदार गरिमा ठाकुर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र, नायब तहसीलदार नेहा विश्वकर्मा सिरगिट्टी थाना क्षेत्र, नायब तहसीलदार राहुल शर्मा सरकंडा थाना क्षेत्र, नायब तहसीलदार विभोर यादव तोरवा थाना क्षेत्र और नायब तहसीलदार राहुल साहू को कोनी थाना क्षेत्र के लिए तैनात किया गया है।

रंगोत्सव पर्व मनाने के लिए दुकानें सज गई है।
होली पर्व पर सिम्स और जिला अस्पताल भी अलर्ट
होली पर्व को लेकर अस्पताल में भी तैयारी की गई है। ज्यादा शराब पीने व बाइक से गिरकर घायल या फिर केजुअल्टी होने की स्थिति में सिम्स और जिला अस्पताल में गुरुवार की शाम से ही स्टाफ को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
यहां घायलों के लिए उपचार की सुविधा दी जाएगी। एमएस डॉ लखन सिंह ने बताया कि गुरुवार शाम से स्टाफ की ड्यूटी लगाकर उन्हें अलर्ट कर दिया जाएगा। इस दौरान डाक्टरों की टीम तैनात रहेगी। आपातकालीन के लिए अतिरिक्त 10 बिस्तर लगाए गए हैं।
साथ ही दवा का स्टॉक कर लिया गया है। इसी तरह जिला अस्पताल में भी 10 बिस्तर लगाए गए हैं। यहां भी होली को ध्यान में रखते हुए स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है। सीएमएचओ डॉ प्रमोद तिवारी ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। यहां स्टाफ की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई हैं। चौक-चौराहों पर भी संजीवनी 108 तैनात रहेगी।
इन डिपार्टमेंट में रहेगी विशेष व्यवस्था
होली में आने वाले मामलों को देखते हुए सिम्स के आर्थोपेडिक, स्किन, मेडिसिन, आप्थो डिपार्टमेंट को भी अलर्ट मोड में रखा गया है, क्योंकि होली के दौरान इन डिपार्टमेंट के मरीज ही ज्यादा पहुंचते हैं। ऐसे में इन डिपार्टमेंट के विशेषज्ञ चिकित्सक ड्यूटी पर रहेंगे। इसके अलावा गंभीर मामले आने पर ट्रायएज यूनिट में भी बेड आरक्षित रखे जाएंगे। यह अलर्ट गुरुवार की शाम छह बजे से शनिवार सुबह तक रहेगा।

आज रात जलेगी होलिका और कल मनाई जाएगी होली।
होलिका दहन आज, कल मनाया जाएगा रंगोत्सव
फाल्गुन मास की पूर्णिमा तिथि को हर वर्ष होलिका दहन किया जाता है। शास्त्रों के अनुसार होलिका दहन के लिए भद्रा काल को देखना जरूरी माना गया है। क्योंकि, इस काल में होलिका दहन नहीं किया जाता। इस बार भी रात्रि में भद्रा समाप्त होने के बाद गुरुवार की देर रात होलिका दहन किया जाएगा होलिका दहन में तिथि,भद्रा और शुभ मुहूर्त का विशेष ध्यान रखा जाता है।
ज्योतिषाचार्य पं. मनोज तिवारी ने बताया कि होलिका दहन पर इस बार गुरुवार सुबह 10 बजकर 35 मिनट से रात 11 बजकर 26 मिनट तक भद्रा का साया रहेगा। ऐसे में होलिका दहन के लिए 1 घंटा 4 मिनट का समय मिलेगा।
रात 11.26 मिनट तक भद्रा रहने के कारण रात 11.27 बजे से मध्य रात्रि 12.30 तक होलिका दहन किया जाना चाहिए। शहर के साथ ही जिले में होलिका दहन को लेकर जगह-जगह डांग स्थापित किए गए हैं। आज रात होलिका दहन के बाद शुक्रवार को रंगोत्सव का पर्व मनाया जाएगा।