रांची: राजधानी रांची के ग्रामीण क्षेत्र बेड़ो स्थित महादनी मैदान विवाद मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। पूर्व मंत्री देव कुमार धान को रांची पुलिस ने दिल्ली से लौटते ही रांची रेलवे स्टेशन से हिरासत में ले लिया है। उन्हें वर्तमान में गुप्त स्थान पर रखा गया है। सूत्रों के अनुसार, प्रशासन ने उन्हें एहतियातन हिरासत में लिया है ताकि क्षेत्र में संभावित तनाव को रोका जा सके।
महादनी मैदान को लेकर आदिवासी समुदाय और प्रशासन के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। दरअसल, यह स्थल आदिवासियों द्वारा सार्वजनिक सरना स्थल के रूप में चिह्नित किया गया है, और वहां किसी प्रकार के अतिक्रमण अथवा सरकारी निर्माण का विरोध किया जा रहा है।
पिछले दिनों जब पुलिस ने उक्त जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की थी, तो सैकड़ों आदिवासी महिलाओं और पुरुषों ने बेड़ो थाना परिसर में प्रदर्शन कर दिया। स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी, जिसे देखते हुए पुलिस-प्रशासन पहले से ही सतर्क था।
पूर्व मंत्री देव कुमार धान को इस आंदोलन का प्रमुख समर्थक माना जा रहा था और उनके बेड़ो पहुंचने की खबर मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। माना जा रहा है कि उनका वहां पहुंचना स्थिति को और जटिल और उग्र बना सकता था।
फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से देव कुमार धान की आधिकारिक गिरफ्तारी या कारणों पर कोई खुलासा नहीं किया गया है। लेकिन सूत्रों का कहना है कि उन्हें हिरासत में रखकर स्थिति की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए पूछताछ की जा रही है।
इस मामले को लेकर आदिवासी संगठनों में रोष है और वे प्रशासन से स्पष्ट जवाब मांग रहे हैं। वहीं, प्रशासन किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा चुका है।आगे की स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।