रांची में बुधवार को कांके थाना से महज 100 कदम की दूरी पर भाजपा ग्रामीण जिला महामंत्री इंद्रजीत कुमार अनिल उर्फ अनिल टाइगर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सिर में गोली लगते ही वे गिर गए। लोग अनिल को लेकर तुरंत रिम्स पहुंचे। वहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घ
.
भाजपा और आजसू पार्टी ने अनिल टाइगर की हत्या के विरोध में आज रांची बंद का आह्वान किया। इस बंदी को जदयू, लोजपा, जेकेएलएम सहित कई पार्टियों ने समर्थन दिया है। रांची बंद को देखते हुए कई स्कूलों ने कक्षाएं स्थगित कर दी हैं। वहीं पुलिस ने की संयम बरतने की अपील की है। जरूरी सेवाओं को बंद से मुक्त रखने की बात कही गई है। वहीं पुलिस भी अलर्ट मोड में है।
अपराधी ने अनिल टाइगर के सिर में गोली मारी थी।
ऐसे घटी गोली मारने की पूरी घटना
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अनिल होटल की बेंच पर बैठकर मोबाइल देख रहे थे। तभी बाइक पर दो युवक पहुंचे। एक युवक बाइक से उतरा। दूसरा कुछ दूरी पर बाइक स्टार्ट कर खड़ा था। शूटर ने आते ही अनिल के सिर में सटाकर गोली मारी दी। इसके बाद बाइक पर बैठे दूसरे साथी के साथ भाग निकला। स्थानीय लोगों ने दोनों अपराधियों का पीछा किया।
पुलिस भी अपराधियों के पीछे लग गई। लोगों ने रिंग रोड में सुकुरहुटू आईटीबीपी कैंप के पास टक्कर मारकर अपराधियों की बाइक गिरा दी। दोनों अपराधी फायरिंग करते हुए पैदल भागने लगे। तभी पुलिस ने फायरिंग की, जो एक शूटर की जांघ में लगी। वह गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान रोहित वर्मा के रूप में हुई। जबकि अमन सिंह फरार होने में सफल रहा।
सुभाष की हत्या में अनिल के शामिल होने का शक
गिरफ्तार शूटर रोहित वर्मा ने पुलिस को बताया कि उसका साथी भी शूटर है। जनवरी में लोहरदगा के कुड़ू बस स्टैंड में सुभाष जायसवाल की हत्या हुई थी। सुभाष का नाम पंडरा में हुए 13 लाख रुपए लूटकांड में आया था। वह और उसका साथी सुभाष जायसवाल के करीबी थे। हमें शक था कि सुभाष की हत्या में अनिल टाइगर भी शामिल था। इसलिए अनिल टाइगर को मार डाला।

रोहित नाम के शूटर को पुलिस और स्थानीय लोगों ने पीछा कर के पकड़ा
घटना की सूचना मिलने के बाद पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा, आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो, विधायक नवीन जायसवाल, पूर्व डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, जेकेएलएम नेता देवेंद्र महतो सहित कई दलों के नेता रिम्स पहुंचे। उन्होंने अपराधियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की।
कांके के खटंगा के रहने वाले थे अनिल
अनिल टाइगर मूल रूप से कांके थाना क्षेत्र के खटंगा के रहने वाले थे। वे कोकर के खोरहाटोली स्थित शंकर कंपाउंड में दूसरे मकान में रहते थे। अनिल के परिजनों ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब 11 बजे अपने कोकर स्थित आवास से निकले थे। उनके मोबाइल पर कुछ नंबर से कॉल आ रहे थे। पुलिस उन सभी नंबरों की भी जांच कर रही है। अनिल कांके में रामनवमी की तैयारी भी कर रहे थे।
वे दोपहर करीब साढ़े तीन बजे कांके पहुंचे। थाना से महज 100 कदम की दूरी पर कांके चौक स्थित शिव मंदिर के पास अपने साथियों के साथ चाय दुकान में बैठे थे। कुछ लोग मंदिर के पास झंडा लगा रहे थे। इसी बीच एक युवक मौके पर पहुंचा और पिस्टल निकाल कर अनिल टाइगर के सिर में गोली मार दी। अनिल वहीं पर गिर गए। उन्हें रिम्स ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रांची में नहीं थम रहा हत्या का सिलसिला
- 11 मार्च 2025: कांके थाना क्षेत्र में जमीन और पैसे के बंटवारे के विवाद में जमीन कारोबारी के करीब जितेंद्र नाम के युवक को गोली मारी।
- 7 मार्च 2025: चान्हो इलाके में स्थित आनंद मार्ग में रात में लूटपाट करने पहुंचे अपराधियों ने साधु मुकेश साह और राजेंद्र यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
- 15 दिसंबर 2024: नामकुम थाना क्षेत्र में राजा उलिहातू के रहने वाले जमीन कारोबारी मधुसूदन राय गोली मार कर हत्या। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई थी।
- 8 जुलाई 2024: धुर्वा में दुकान में बैठे पूर्व पार्षद को पीछे से आकर अपराधियों ने गर्दन में गोली मारी, इलाज के दौरान दिल्ली में हुई मौत।
- 4 जनवरी 2024: रातू थाना क्षेत्र स्थित आस्थापुरम कॉलोनी में अपराधियों ने कोयला कारोबारी अभिषेक श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या कर दी।