उमरिया जिले के मानपुर विकासखंड में आने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक महिला की मौत हो गई थी। इसमें लापरवाही बरतने के मामले में बीएमओ को निलंबित कर दिया गया है। इस अवधि में वे सीएमएचओ कार्यालय अटैच किए गए हैं।
.
परिजन इंद्रपाल पटेल ने कलेक्टर घरणेन्द्र कुमार जैन को शिकायत की थी। इसमें कहा गया था कि पत्नी हेमा पटेल के इलाज के लिए 29 नवंबर को दोपहर 2.30 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर में इलाज कराने के लिए लाया गया। जिसमें चिकित्सक ने मरीज को ऑक्सीजन की सलाह दी जा रही थी, लेकिन चिकित्सक ने कहा कि मानपुर अस्पताल में आक्सीजन की व्यवस्था नहीं है, जिससे इलाज भी नाममात्र का किया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर में पदस्थ बी.एम.ओ. मानपुर कभी नहीं आते हैं। जिससे लोगों को आये दिन मौत का शिकार होना पड़ता है। छोटी-छोटी बीमारियों में यहाँ के डॉक्टरों द्वारा बाहर के लिये रेफर कर दिया जाता है। लापरवाही के कारण पत्नी हेमा पटेल की मौत हो गई।
शिकायत पत्र पर कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी मानपुर की अध्यक्षता में समिति का गठन किया। समिति के जाँच प्रतिवेदन दिया गया कि उपस्थित जनमानस ने बताया कि अस्पताल कर्मी मरीजों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। सी.बी.एम.ओ. मानपुर मुख्यालय में निवास नहीं करते हैं। तथा अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन शासन के दिशा निर्देशानुसार नहीं किया जा रहा है।अस्पताल की विद्युत, पानी, साफ-सफाई आदि की व्यवस्था सही नहीं पायी गयी। सी.बी.एम.ओ. मानपुर द्वारा अपने प्रबंधकीय कार्य में लापरवाही की जा रही है। जिससे लोगों के बीच आक्रोश है।कमिश्नर सुरभि गुप्ता ने डॉक्टर निशांत सिंह परिहार सी.बी.एम.ओ. सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मानपुर को निलंबित कर दिया है।