छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में किसान पूरन निषाद की आत्महत्या के बाद भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। टिकैत सोमवार को ग्राम सिंघनपुर पहुंचे।
.
मृतक की पत्नी पंचवती निषाद और उनके बेटों कुलेश्वर और टिकेश्वर से मिलकर टिकैत ने संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतक किसान के खेत का भी निरीक्षण किया। टिकैत ने कहा कि वे मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पीड़ित परिवार की मदद की मांग करेंगे।
57 वर्षीय पूरन निषाद के पास पौने तीन एकड़ अपनी जमीन थी। वे दो एकड़ जमीन रेघा पर लेकर भी खेती करते थे। उन्होंने इस साल रबी में धान की फसल बोई थी। सिंचाई के लिए उनके पास स्थायी बिजली कनेक्शन था।
महासमुंद जिले में किसान पूरन निषाद के परिवार से मिले राकेश टिकैत।
किसान ने ग्रामीण बैंक शाखा झलप से 1.55 लाख रुपए का केसीसी लोन लिया था। इसके अलावा उन पर करीब दो लाख रुपए का और कर्ज था। बिजली कटौती और लो वोल्टेज की वजह से धान की फसल सूख रही थी। कर्ज चुकाने की चिंता में वे परेशान रहते थे।
टिकैत के साथ भारतीय किसान यूनियन के कई पदाधिकारी भी मौजूद थे। इनमें बुलंदशहर के जिला अध्यक्ष चौधरी अरनसिंह, छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी प्रवीण क्रांति और प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्णा नरवाल शामिल थे। मुलाकात के बाद टिकैत ओडिशा के लिए रवाना हो गए।