आज शहर में काली और शैला नृत्य के साथ निकलेगा जुलूस
उमरिया जिले की मां बिरासनी शक्तिपीठ में आज जवारा विसर्जन का आयोजन होगा। शक्तिपीठ प्रबंध समिति और प्रशासन ने इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
.
जवारा विसर्जन का जुलूस दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। यह जुलूस मंदिर से निकलकर नगर भ्रमण करेगा। इसके बाद सागर तालाब में जवारा विसर्जित किया जाएगा। काली नृत्य और शैला नृत्य के साथ जुलूस आगे बढ़ेगा।
नगर पालिका ने जुलूस मार्ग पर साफ-सफाई की व्यवस्था कर दी है। मार्गों पर चूना लाइन बनाई गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
शक्तिपीठ की मुख्य पुजारी गोपाल पंडा के अनुसार, मंदिर में 14,395 जवारा कलश, घी कलश और तेल कलश बोए और जलाए गए हैं। प्रदेश और देश भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहेंगे।