राहुल और प्रियंका गांधी से इन दोनों नेताओं की मुलाकात ने बढ़ाया सियासी पारा
हिमाचल के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री और PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह की दिल्ली में सीनियर नेताओं से मुलाकात ने सियासी पारा फिर गरमा दिया है। चर्चा है कि दोनों नेताओं ने संगठन जल्दी बनाने की मांग की। कांग्रेस संगठन और नए अध्यक्ष को लेकर भी विस्तृत
.
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपनी पसंद का प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाना चाहते हैं। मगर होली लॉज गुट सुक्खू के सुझाए नामों पर सहमत नहीं है, क्योंकि सीएम और पार्टी अध्यक्ष दोनों एक ही खेमे का लगाने का मतलब दूसरे गुट की पूरी तरह अनदेखी कर देना है। यह बात हाईकमान भी समझ रहा है। इसी वजह से सात महीने 5 दिन से नया संगठन नहीं बना पा रहा।
होली लॉज समर्थकों ने विक्रमादित्य का नाम आगे किया
इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष के लिए मंत्री विक्रमादित्य सिंह का नाम भी चर्चा में आया है। उनके समर्थक विक्रमादित्य सिंह को अध्यक्ष के तौर पर देखना चाहते हैं। इसके लिए बाकायदा कुछ दिन पहले प्रतिभा सिंह पीसीसी प्रेसिडेंट नाम से बने फेसबुक पेज पेज पोस्ट डाला गया, जिसमे लिखा गया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में मुकाबले के लिए विक्रमादित्य सिंह को अध्यक्ष के लिए सर्वोत्तम विकल्प बताया गया और होली लॉज को ही कमान सौंपने की पैरवी की गई।
सुक्खू ने अध्यक्ष के लिए ये नाम सुझाए
सूत्रों की माने तो सीएम सुक्खू ने कांग्रेस अध्यक्ष के लिए विधायक संजय अवस्थी, सुरेश कुमार और विनोद सुल्तानपुरी का नाम आगे किया है। अवस्थी और सुरेश कुमार के नाम पर होली लॉज खेमा असहमति जता चुका है। सुल्तानपुरी के नाम पर भी अनुभव को देखते हुए सवाल खड़े उठाए गए है।
मंत्री अनिरुद्ध को भी अध्यक्ष बनाना चाह रहे CM
इन तीनों पर सहमति नहीं बनती है तो सीएम सुक्खू ने कैबिनेट मंत्री अनिरुद्ध सिंह को भी अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव हाईकमान को दे रखा है। सूत्र बताते हैं कि अनिरुद्ध सिंह मंत्री पद के साथ अध्यक्ष बनने को तैयार है। यदि उन्हें मंत्री पद छोड़ने को बोला जाता है तो उस सूरत में वह अध्यक्ष बनने से मुकर सकते हैं। मंत्रियों से डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री का भी विरोधी खेमे द्वारा अध्यक्ष पद के लिए नाम सुझाया गया था, लेकिन उन्हें भी डिप्टी सीएम पद छोड़कर अध्यक्ष बनाने की सिफारिश की गई थी।

कांग्रेस अध्यक्ष के प्रबल दावेदार माने जा रहे कुलदीप राठौर
राठौर पर हाईकमान सहमत
पार्टी सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस हाईकमान ठियोग के विधायक कुलदीप राठौर को अध्यक्ष बनाना चाहता है। मगर राठौर अब इस जिम्मेदारी से इन्कार कर चुके हैं। यदि उन्हें अपनी शर्तों के साथ संगठन चलाने की इजाजत मिलती है तो हाईकमान उन्हें भी पार्टी अध्यक्ष की दोबारा कमान सौंप सकता है। अब इनमें कौन अध्यक्ष बनाया जाता है यह हाईकमान को तय करना है।
दिल्ली में संगठन-अध्यक्ष को लेकर लंबी चर्चा
इन सब मसलों पर बीते कल डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने प्रियंका गांधी और कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल से दिल्ली में लंबी चर्चा की है। वहीं विक्रमादित्य सिंह ने भी राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की। उन्होंने इस दौरान इन नेताओं को 23 जून को वीरभद्र जयंती पर शिमला में रखे कार्यक्रम के लिए न्योता दिया है। सूत्र बताते हैं कि विक्रमादित्य सिंह ने इस दौरान संगठन और अध्यक्ष पद को लेकर भी चर्चा की है। इस मुलाकात के बाद माना जा रहा है कि जल्द नया संगठन और अध्यक्ष का ऐलान हो सकता है।
बीते साल 6 नवंबर को भंग की राज्य, जिला व ब्लॉक कार्यकारिणी
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीते साल 6 नवंबर को राज्य, जिला और ब्लॉक कांग्रेस कार्यकारिणी को भंग किया था। तब से कांग्रेस बगैर संगठन के है। इससे पार्टी की एक्टिविटी ठप है। पार्टी वर्कर मायूस है।