मुक्तसर में इसरो में वैज्ञानिक बनने पर तानिया गुप्ता का स्वागत करते लोग।
पंजाब के जिला मुक्तसर के सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल की विज्ञान विभाग की छात्रा तानिया इसरो में बतौर वैज्ञानिक चुनी गई है। तानिया की इस उपलब्धि पर जहां जहां परिजनों में हर्ष की लहर है, वहीं लाेग तानिया के घर पहुंचकर उसे बधाई दे रहे हैं
.
मुक्तसर निवासी साधु राम गुप्ता की बेटी तानिया गुप्ता ने मार्च 2016 में 12वीं की परीक्षा में मेरिट पोजीशन हासिल की थी। इसके बाद तानिया ने बीएससी की डिग्री दिल्ली यूनिवर्सिटी से एवं एमएससी (फिजिक्स) आईआईटी दिल्ली से प्रथम स्थान के साथ पास की।
अप्रैल में दी थी इसरो की परीक्षा
तानिया ने गुरुग्राम में डेटा साइंस विभाग में दो साल कार्य करते हुए अप्रैल 2024 में इसरो द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षा में भाग लिया और राष्ट्रीय स्तर पर 1500 उम्मीदवारों में से चुने गए 10 प्रतिभागियों में से प्रथम स्थान प्राप्त किया। जुलाई 2024 में इन 10 चुने गए प्रतिभागियों के साक्षात्कार में भी उन्होंने पहला स्थान प्राप्त किया।
तानिया गुप्ता को इसरो द्वारा यूआर राव सेटेलाइट सेंटर में बतौर वैज्ञानिक चुना गया है। तानिया गुप्ता अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और कन्या स्कूल के मेहनती अध्यापकों को देती हैं। स्कूल के प्रधानाचार्य सुभाष चंद्र झांब ने इस छात्रा को सम्मानित किया एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर तानिया के मार्गदर्शक शिक्षकों प्रवेशा सेतिया, संतोष कुमारी के साथ-साथ बबीता, शमिंदर बतरा, विवेक जैन, अमित कुमार, रमन कुमार, अंकुश कुमार और समस्त स्टाफ उपस्थित था।