रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने प्रकृति पर्व सरहुल के पावन अवसर पर सरना स्थल, सिरमटोली, रांची में आयोजित पूजन कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राज्य के सर्वांगीण विकास, सुख, समृद्धि और शांति की कामना की।
अब सरहुल पर दो दिन की राजकीय छुट्टी
झारखंड के लोगों के लिए इस सरहुल पर्व पर बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अब सरहुल के अवसर पर झारखंड में दो दिन की सरकारी छुट्टी होगी। पहले एक दिन की छुट्टी मिलती थी, लेकिन अब इसे दो दिवसीय राजकीय अवकाश के रूप में घोषित किया गया है।
सीएम हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर यह जानकारी साझा करते हुए लिखा:”पिछले कई वर्षों से सरहुल के अवसर पर दो दिन की राजकीय छुट्टी की मांग उठ रही थी। आदिवासी समाज के इस महा पावन पर्व के महत्व को देखते हुए, मैंने इस वर्ष से दो दिन का राजकीय अवकाश घोषित किया है। झारखंड की संस्कृति एवं परंपराओं की गौरवशाली धरोहर को हम सहेजते आए हैं और सदैव सहेजेंगे।”
आदिवासी समाज में हर्ष, परंपरा को मिलेगी मजबूती
सरहुल झारखंड का प्रमुख पर्व है, जिसे आदिवासी समाज प्रकृति पूजा के रूप में मनाता है। दो दिन की छुट्टी मिलने से अब लोग इसे और धूमधाम से मना सकेंगे। इस फैसले से आदिवासी समाज में खुशी की लहर है और इसे झारखंड की संस्कृति व परंपरा को सहेजने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।