मोहम्मद शमी
IPL 2025 के 27वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के नाम एक ऐसा शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया, जिसकी कल्पना भी किसी ने नहीं की होगी। इस मैच में पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों ने मोहम्मद शमी की गेंदों की जमकर खबर ली और 4 ओवर में इतने ज्यादा रन कूट दिए कि IPL का बेहद शर्मनाक रिकॉर्ड बन गया। शमी इंग्लिश गेंदबाज जोफ्रा आर्चर के IPL में सबसे महंगे स्पेल की बराबरी करने से सिर्फ एक रन से चूक गए। हालांकि, शमी ने IPL में सबसे महंगे भारतीय गेंदबाज बनने का अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
शमी की जमकर हुई कुटाई
दरअसल, सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पंजाब ने धमाकेदार अंदाज में पारी का आगाज किया और पहले तीन ओवरों में ही 50 से ज्यादा रन ठोक दिए। पंजाब की पारी के पहले 3 ओवरों में 2 ओवर मोहम्मद शमी ने फेंके। पहले ओवर में शमी ने 14 रन लुटाए और फिर तीसरे ओवर में अपने स्पेल का दूसरा ओवर डालने आए। इस ओवर में शमी को 3 छक्के पड़े। प्रियांश आर्य ने 2 छक्के जड़े जबकि एक छक्का प्रभसिमरन ने लगाया। इस तरह शमी ने अपने 2 ओवर में ही 37 रन लुटा दिए। शमी की धुनाई होता देख कप्तान पैट कमिंस को हर्षल पटेल को गेंद थमाने के लिए मजबूर होना पड़ा। इसके काफी देर बाद शमी को 13वें ओवर में गेंदबाजी के लिए बुलाया गया। यहां भी शमी महंगे साबित हुए। उन्होंने अपने तीसरे ओवर में 11 रन लुटा दिए।
आखिरी ओवर में लुटाए 27 रन
मोहम्मद शमी अपने कोटे का आखिरी ओवर 20वें ओवर में करने आए। यहां उनका सामना मार्कस स्टोयनिस से हुआ। ओवर की पहली 2 गेंदें तो किफायती रहीं, लेकिन फिर स्टोयनिस ने अगली 4 गेंदों पर लगातार 4 छक्के जड़ते हुए शमी का बुरा हाल कर दिया। इस आखिरी ओवर में शमी ने 27 रन लुटाए। इस तरह वह IPL में दूसरा सबसे महंगा स्पेल फेंकने वाले गेंदबाज बन गए। उन्होंने 4 ओवर में बिना कोई विकेट लिए 75 रन खर्च किए। IPL में सबसे महंगा स्पेल फेंकने का रिकॉर्ड जोफ्रा आर्चर के नाम है। आर्चर ने मौजूदा सीजन में SRH के खिलाफ 4 ओवर में 76 रन लुटाने का शर्मनाक कारनामा किया था।
सबसे महंगे भारतीय गेंदबाज
मोहम्मद शमी ने 75 रन लुटाने के साथ ही मोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले IPL के सबसे महंगे भारतीय गेंदबाज का रिकॉर्ड मोहित शर्मा के नाम था। मोहित ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ IPL 2024 के मैच में 73 रन लुटाए थे। मोहित से पहले बासिल थम्पी और यश दयाल भी 4 ओवर में 70 से ज्यादा रन लुटा चुके हैं। थम्पी ने IPL 2018 में RCB के खिलाफ 4 ओवर में 70 रन खर्च किए थे। वहीं, यश दयाल ने IPL 2023 के एक मैच में 69 रन दिए थे।
Latest Cricket News