अरमान ने सुसाइड का वीडियो किया रिकाॅर्ड।
हरियाणा के यमुनानगर में एक 15 वर्षीय किशोर अरमान ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। उसने बाकायदा अपने आईफोन में इसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया। बताया जा रहा है किशोर किसी बात को लेकर डिप्रेशन में था। घटना के समय वह घर पर अकेला ही था। उसने अपनी मां की चुन्नी
.
दो घंटे बाद जब छोटी बहन ट्यूशन से घर लौटी तो खिड़की में से भाई को इस प्रकार लटका देख तुरंत मां को फोन किया। मां ने आकर पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा और बेटे को अपने हाथों से फंदे से नीचे उतारा। उस समय अरमान की सांसें चल रही थीं।
अरमान ने अपने फोन में सुसाइड का वीडियो किया रिकोर्ड।
जग से हारा नहीं मैं, खुद से ही हारा हूं मां
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अरमान को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया जहां आज उसका पोस्टमॉर्टम होगा।
अरमान ने सुसाइड से छह घंटे पहले अपने इंस्टाग्राम पर दो इमोशनल स्टेटस भी डाले थे जिसमें एक था “जग से हारा नहीं मैं, खुद से हारा हूं मां, लेकिन चमकूंगा एक दिन तेरा सितारा हूं मां ” और दूसरा “नसीब साडे लिखे रब ने कच्ची पेंसिल नाल” इन दो स्टेटस से अंदाजा लगाया जा सकता है कि अरमान किस प्रकार के डिप्रेशन से गुजर रहा था।
अरमान के मोबाइल में सुसाइड से संबंधित दो वीडियो पाए गए हैं, जिसमें पहले वो बगैर टीशर्ट के फंदे की तरफ बढ़ता दिख रहा है। जबकि दूसरी वीडियो में वह टीशर्ट पहनकर आया सीधा फंदे को गले में डालकर लटक गया।

तलाकशुदा माता-पिता के बीच आरोप-प्रत्यारोप
अरमान अपनी मां मुमताज व बहन सना के साथ बैंक कॉलोनी में किराये के मकान में रहता था। इस घटना में तलाक लेकर अलग-अलग रह रहे अरमान के माता-पिता मुमताज और रुकसद ने एक दूसरे को उसकी मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस में शिकायतें दी हैं।
अरमान की पिता रुकसद निवासी बिबिपुर और मां मुमताज जोकि अब बैंक कॉलोनी में रहती है का तीन साल पहले तलाक हो गया था। फैसले के अनुसार अनुराग अपने पिता और अनुराग की बहन सना अपनी मां के साथ रहती थी, लेकिन करीब एक साल पहले अनुराग भी अपनी मां के पास आकर रहने लगा था।

एक साल से मां के पास रह रहा था अरमान
तलाक के डेढ़ साल बाद अनुराग के पिता ने अंबाला निवासी सीमा से दूसरी शादी कर ली थी। अनुराग के पिता रुकसद का आरोप है कि उसकी पहली पत्नी मुमताज के किसी व्यक्ति के साथ अवैध संबंध थे, जिस कारण उनका तलाक हुआ था।
अरमान मेरे पास रहता था, लेकिन मुमताज उसे पैसों का लालच देकर अपने पास बुला लेती थी, जिस कारण वह एक साल पहले पहली पत्नी के पास बैंक कॉलाेनी में ही रहने लगा था। रुकसद का आरोप है कि उसकी पत्नी बैंक कॉलोनी में उसी व्यक्ति के साथ रह रही है, जिसकी वजह से उनका तलाक हुआ था।
अरमान को मुमताज का यह रिश्ता पसंद नहीं था। इस बारे वह अपनी मां को टोकता था और बहुत समझाता भी था, लेकिन उसकी मां ने उसकी बात नहीं मानी। ऐसे में अरमान ने डिप्रेशन में आकर सुसाइड कर लिया। इसके लिए उसकी पहली पत्नी ही जिम्मेदार है।

अरमान द्वारा सुसाइड से छह घंटे पहले इंस्टाग्राम पर डाला इमोशनल स्टेटस। लिखा- जग से हारा नहीं मैं खुद से ही हारा हूं मां।
सौतेली मां पर झूठे रेप केस में फंसाने का आरोप
वहीं अनुराग की मां मुमताज का कहना है कि उसके पुराने ससुराल गांव बिबपुर में जो घर था वह उसके नाम था, जिसे बाद में उसने अपने बेटे अरमान के नाम करवा दिया था। इस घर को कब्जाने की नीयत से उसके एक्स पति की दूसरी पत्नी सीमा अरमान को परेशान करने लगी। उसने अरमान पर दो बार रेप करने की कोशिश के झूठे आरोप भी लगाए।
अरमान इन आरोपों के चलते परेशान रहने लगा था। अरमान जब अपने पिता के साथ रहता था तो उसे वहां मानसिक तौर पर परेशान किया जाता था। वहां अरमान कई बार यमुना नहर में डूबने के लिए जा चुका था तो किसी ने उसे राेका। सीमा चाहती थी कि अरमान बिबिपुर में ना रहे इसलिए वह बार-बार उसके ऊपर झूठे आरोप लगा देती थी। इसलिए उसने सुसाइड किया।

घटना की जानकारी देतीं अरमान की मां मुमताज।
पढ़ाई छोड़ घर पर ही रहता था अनुराग
अनुराग की मां मुमताज ने बताया कि उसकी 2008 में रुकसद के साथ शादी हुई थी। वह उसके साथ बहुत ज्यादा मारपीट किया करता था। इसलिए तीन साल पहले हमारा रजामंदी से तलाक हो गया। तब से वह बैंक कॉलोनी में रह रही है।
वह केयर टेकर का काम करती है, जिससे वह अपने दोनों बच्चों का पालन पोषण कर रही है। अरमान ने सातवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी और सना अभी पढ़ाई कर रही है। अरमान घर पर ही रहता था।

अरमान का फाइल फोटो।
सुसाइड वाले दिन सुबह से हंस खेल रहा था
वीरवार की सुबह वह अपने काम पर गई थी। अरमान बिल्कुल खुश नजर आ रहा था। दोपहर के समय वह दोनों बच्चों के लिए खाना बनाने करीब डेढ़ बजे घर वापिस आई। तब अरमान और सना दोनों घर ही थे।
दोनों बच्चों ने खाना खाया। फिर अरमान से कहा कि उसे मार्केट से किसी व्यक्ति से छह हजार रुपए लेकर आने है वह उसके साथ चले। ऐसे में अरमान उसके साथ चला गया और हम दोनों खुशी-खुशी पेमेंट लेकर करीब ढाई बजे घर वापिस आ गए।

अरमान का फाइल फोटो।
छबील से मीठे पानी की बोतल मंगवाई
घर के नीचे पानी की छबील लगी हुई थी। अरमान ने कहा कि उसके लिए छबील से मीठे पानी की बोतल भरकर ले आओ। वह बाद में पीता रहेगा। मुमताज ने बताया कि वह नीचे से दो लीटर की बोतल भरकर ले आई और फ्रिज में रख दी।
उसके बाद करीब तीन बजे वह वापिस अपने काम पर चली गई और फिर साढ़े तीन बजे के करीब उसकी छोटी बेटी सना भी ट्यूशन पर चली गई। ऐसे में अरमान घर पर अकेला ही था। सना करीब छह बजे जब ट्यूशन से घर वापिस आई तो अनुराग ने अंदर से कमरे की कुंडी लगा रखी थी।

अपनी बहन सना के साथ अरमान।
छोटी बहन ने खिड़की से देखा तो फंदे से लटका था अरमान
सना ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। उसने जब साइड की खिड़की से अंदर झांका तो देखा की अरमान पंखे से लटका हुआ है। सना ने तुरंत मुझे फोन किया और कहा कि भईया को कुछ हो गया है वह लटक रहे हैं।
मैंने सोचा की अरमान सना को डराने के लिए ऐसे ही कुछ कर रहा होगा। ऐसे में सना ने फिर गंभीरता से बताया की मम्मी भाई ठीक नहीं लग रहा। इतना सुनते ही वह काम छोड़ तुरंत घर पर पहुंची। यहां आकर खिड़की से अंदर झांका तो अरमान फंदे पर लटका हुआ था।

मामले में जानकारी देते एएसआई बलबीर सिंह।
मां ने अपने हाथों से बेटे को फंदे से नीचे उतारा
उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग इकट्ठा हुए। उनकी मदद से कमरे की दरवाजा तोड़ा और अरमान को अपने हाथों से फंदे से नीचे उतारा। उसने देखा की सामने उसका मोबाइल रखा हुआ है। चैक किया तो पता चला की उसने अपनी सुसाइड का विडियो भी रिकॉर्ड किया है।
अरमान के पिता रुकसद ने बताया कि वह दिहाड़ी मजदूरी का काम करता है। वीरवार को शाम साढ़े छह बजे उसे उसकी बेटी सना का फोन आया कि अरमान ने सुसाइड कर लिया है। वह तुरंत सिविल अस्पताल में पहुंचा। यहां आकर देखा तो अरमान पूरा हो चुका था।अरमान पर दूसरे पत्नी द्वारा झूठे रेप केस लगाने के सवाल पर रुकसद ने कहा कि ये बेबुनियाद आरोप हैं।

मामले की जानकारी देते अरमान के पिता रुकसद।
दोनों पक्षों ने पुलिस काे सौंपी शिकायतें
मैंने दूसरी शादी अरमान की रजामंदी से ही की थी। दूसरी शादी से उसे कोई बच्चा नहीं है और न ही वो करना चाहता था। रुकसद ने अरमान के सुसाइड के पीछे अपनी पहली पत्नी को पूरी तरह से जिम्मेदार ठहराया है।
दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है। सिविल अस्पताल में दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने पहुंचे एएसआई बलबीर सिंह ने कहा कि उन्हें सूचना मिली थी कि अरमान नाम के 15 वर्षीय किशोर ने सुसाइड कर लिया है।

सिविल अस्पताल में अरमान की मां और बहन के बयान दर्ज करती पुलिस।
जब पुलिस पहुंची तो सांसें चल रही थीं
वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि अरमान की सांसें चल रही थीं। उन्होंने तुरंत एंबुलेंस को मौके पर बुलाया और किशोर को सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।
फिलहाल दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए है और शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। आज उसका पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं मामले की गहनता से जांच की जाएगी।