.
नरहट के थाना क्षेत्र के ओलिपुर गांव में 27 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत के मामले में 36 घंटे बाद भी पुलिस अभी किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। फिलहाल वैज्ञानिक अनुसंधान किया जा रहा है। मृतक के शव का शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया गया और बिसरा जांच के लिए सैंपल सुरक्षित रखा गया है। यह सैंपल जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। एफएसएल जांच के लिए भी सैंपल इकट्ठा किया गया है। पोस्टमार्टम, एफएसएल और बिसरा जांच रिपोर्ट आने के बाद बहुत कुछ स्पष्ट हो पाएगा। शव देखने के बाद कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। एक तरफ जहां मृतक के शव पर जहां-यहां चोट के निशान बताए जा रहे हैं वहीं जले का भी निशान है। जले के निशान होने से करंट लगने की भी आशंका है। फिलहाल कई तरह के कयास लगाया जा रहे हैं। परिजनों ने मृतक की पत्नी पर हत्या या हत्या की साजिश रचने का शक जाहिर किया है। गुरुवार को घटना के बाद जांच करने पहुंची पुलिस ने मृतक की पत्नी से संपर्क कर उसे बुलाया था लेकिन वह शुक्रवार को नहीं आ पाई। पुलिस जल्द ही उससे पूछताछ करेगी। बता दें कि जिले के नरहट थाना क्षेत्र के ओलिपुर गांव में गुरुवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मुन्ना कुशवाहा (27) के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों ने मृतक की पत्नी पर ही हत्या करने का आरोप लगाया है। बताया जाता है कि मुन्ना कुशवाहा घर में अकेला रहता था और उसकी पत्नी से अनबन चल रही थी। वह कब गई किसी को पता नहीं। गुरुवार की सुबह स्थानीय लोगों ने जब सुबह देखा कि घर का दरवाजा बंद है, तो उन्होंने दरवाजा खोला। घर के अंदर मुन्ना का शव पड़ा मिला। इस मामले में मृतक के पिता राजो महतो ने पुलिस में बयान दर्ज कराया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।