Thursday, March 13, 2025
Thursday, March 13, 2025
Homeदेशयूपी में डेढ़ से 5 लाख में बिक रहीं लड़कियां: शरीर...

यूपी में डेढ़ से 5 लाख में बिक रहीं लड़कियां: शरीर की बनावट से लगते हैं रेट, दलाल पाकिस्तान बॉर्डर तक करा रहे शादियां – Uttar Pradesh News


‘अपनी मूंछें हटवा लो, 5 से 10 साल छोटे लगोगे। हम लड़के वालों के घर जाते हैं, तो डेढ़ से दो लाख रुपए तक लेते हैं। चाहे जयपुर हो या हरियाणा, हर जगह हमने शादी कराई है। हम बेच तो नहीं रहे हैं न, ये शादी हो रही है। ये प्रेम का सौदा है।’

.

यूपी के सोनभद्र, मिर्जापुर समेत कई जिलों में शादी के लिए नाबालिग लड़कियों का सौदा करने वाले दलालों ने यह बात कही। दलाल पश्चिम यूपी से लेकर हरियाणा-राजस्थान और पाकिस्तान बॉर्डर तक के अधेड़ युवकों की रुपए लेकर शादी करा रहे हैं।

दैनिक भास्कर की टीम ने 20 दिन तक इसका इन्वेस्टिगेशन किया। हम राजस्थानी होने की बात कहकर नाबालिग लड़कियों की शादी कराने वाले अलग-अलग गिरोह से मिले। हमें शादी के लिए लड़कियां दिखाई गईं। इनसे शादी कराने के लिए डेढ़ से 5 लाख रुपए तक मांगे गए। लड़की की खूबसूरती के हिसाब से रुपए बढ़ते जाते हैं।

पढ़िए कैसे होता है यूपी में नाबालिग दुल्हन का सौदा…

हमें जानकारी मिली कि सोनभद्र जिले में इस तरह के गिरोह काम कर रहे हैं। हम सोनभद्र के चोपन इलाके के टैक्सी स्टैंड पहुंचे। यहां हमारी मुलाकात जुगैल के टेंपो स्टैंड संचालक निराला गुरु से हुई। हमने कहा- राजस्थान से आए हैं। शादी करनी है। उसने विजय कुमार से मिलवाया।

विजय ने बताया कि वह थाने में होमगार्ड है। खाली समय में टेंपो चलाता है। उसने अगले दिन दलालों से मिलवाने का समय दिया। अगले दिन हम विजय के साथ जुगैल क्षेत्र में दलालों से मिलने निकले। सुरक्षा के लिए हमारे दो साथी बाइक से पीछे-पीछे चल रहे थे। विजय को कुछ शक हो गया। उसने उनके बारे में सवाल किया, तो हमने कहा कि हम नहीं जानते कौन हैं?

जुगैल के परसिधइया आंगनबाड़ी केंद्र पर होमगार्ड जवान विजय, गुड्‌डू और तीसरा दलाल आपस में बात करते हुए।

जुगैल के परसिधइया आंगनबाड़ी केंद्र पर होमगार्ड जवान विजय, गुड्‌डू और तीसरा दलाल आपस में बात करते हुए।

विजय ने हमें जुगैल के परसिधइया आंगनबाड़ी केंद्र के पास रहने वाले गुड्डू से मिलवाया। गुड्डू हमें जुगैल में पहाड़ियों के बीच शांति देवी के घर ले गया। वहां एक और व्यक्ति मिला, जो दलाल था। उसे स्थानीय गरीब परिवारों की लड़कियों के बारे में पता था।

उस दलाल ने कहा- बुद्धिराम की लड़की है, जिसकी उम्र करीब 22 साल है। उसने लड़की के पिता बुद्धिराम से चोपन में मिलवाने की बात कही।

अब पढ़िए दलालों से हुई हमारी बातचीत

रिपोर्टर- देखो भाई ऐसा न हो कि हम फंस जाएं? गुड्डू- देखिए, हमारी बहुत लंबी पकड़ है। झांसी, महोबा, मरबाना, चरखारी ये सब हमारे ही पास है।

रिपोर्टर- अच्छा! यहां की लड़कियों की शादी कराई है वहां? गुड्डू- हां बहुत। मेरी ससुराल है।

रिपोर्टर- हम थोड़ा ये आइडिया लेना चाह रहे हैं कि कितने रुपए में काम हो जाएगा? विजय- उससे बात हो जाएगी, तभी बता पाएंगे। ऐसे कैसे बता पाएंगे?

अब बात गैंग नंबर-2 की

दलाल बोली- एक लाख 20 हजार में काम हो जाएगा विजय और गुड्‌डू से बात करने के बाद हम एक सप्ताह तक दूसरे गिरोह की तलाश में लगे रहे। इसी दौरान हमें पता चला कि एक महिला है, जो शादियां कराने का ठेका लेती है। हम उससे मिलने सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज पहुंचे। यहां स्थित वार्ड नंबर- 11 में दंडइत बाबा मंदिर के पास कांशीराम कॉलोनी है। यहां शादी कराने के दो दलालों आरती और मुन्नी के घर हैं। आसपास पता करने के बाद हमें आरती का घर मिल गया।

वहां उसकी बहन का लड़का मिला। उससे मोबाइल नंबर लेने के बाद हमने आरती से फोन पर बात की। करीब 2 घंटे इंतजार करने के बाद आरती और मुन्नी दोनों साथ आईं। उनसे बातचीत शुरू हुई। शादी की बात सुनते ही, दोनों अपने मोबाइल में लड़कियों के फोटो दिखाने लगीं। हमने 2 लड़कियों को सिलेक्ट किया। इस पर दोनों लड़कियों के आधार कार्ड और फोटो हमारे वॉट्सऐप पर सेंड कर दिए गए।

मुन्नी ने बताया- ये हमारी बड़ी बहन की लड़की है। चंदौली में रहती है। दूसरी लड़की के बारे में बताया कि वह रेनूकोट की रहने वाली है। आरती ने बताया- 1 लाख 20 हजार लगेंगे, आपकी शादी करवा देंगे।

हमने कुछ पैसे कम करने लिए बोला। इस पर आरती ने कहा- हम आपके घर जाकर शादी करवाते तो 2 लाख लेते। आप मेरे घर आए हैं, तभी तो 1 लाख 20 हजार बताए हैं। हमने डील फाइनल करने के बाद अगले दिन लड़की देखने के लिए बोला।

बात पूरी होने के बाद हम आरती के घर से निकलने ही वाले थे, तभी वह बोली- आज यहीं रुक जाइए। हो सकता है एक घंटे में लड़की आ जाए, तो देख लीजिएगा। भइया से बात हुई है, वो लड़की लेकर आ रहे हैं। इसके बाद हमने आरती से लड़की की शादी के बदले रुपए के लेन-देन को लेकर भी बात की।

अब पढ़िए दलालों से हुई हमारी बातचीत

रिपोर्टर- बहनजी थोड़ा आप बता दीजिए, कितना लगेगा? आरती- हम कह रहे हैं, 1 लाख 20 हजार दे दीजिए।

रिपोर्टर- 1 लाख 20 हजार? आरती- हां।

रिपोर्टर- ये कब देना होगा, शादी से पहले या शादी के बाद? आरती- नहीं, शादी हो जाएगी, सिंदूर पड़ जाएगा। माला-फूल (रस्में) हो जाएंगी, सारी चीज हो जाएगी। गाड़ी में लड़की जाएगी। मन हो यहां आधा दे दीजिए, आधा घर जाकर दे दीजिएगा। लेकिन, हम आपके साथ चलेंगे।

अब हमारे सामने सवाल था कि ये दलाल कहां-कहां शादी करवाते हैं? आखिर इनका नेटवर्क कहां तक है? बातचीत के दौरान आरती और मुन्नी ने बताया- राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली समेत पाकिस्तान बॉर्डर तक शादी करवाई है।

रिपोर्टर- आपकी शादी कहां से हुई, यहीं चोपन से? मुन्नी- नहीं, हरियाणा में शादी हुई थी। आरती- इनकी शादी हमने ही हरियाणा में करवाई थी। हमने हिसारगढ़, गंगागढ़, पाकिस्तान बॉर्डर तक शादी करवाई हैं।

एक के बाद एक मिलते चले गए दलाल अगले दिन शाम को आरती ने हमें अपने घर बुलाया। हम अपनी एक महिला सोर्स के साथ आरती के घर पहुंचे। घर में एक व्यक्ति पहले से मौजूद था। आरती से लड़की के बारे में पूछा तो उसने कहा कि लड़की ने आने से मना कर दिया है। इसके बाद घर में मौजूद व्यक्ति ने हमें अपना नाम गुरु बताया। वह फिरोजाबाद का रहने वाला है।

गुरु- आप कहां से आए भइया? रिपोर्टर- हम आगरा में रहते हैं। एक मकान आगरा में है, दूसरा भरतपुर में।

गुरु- क्या बिरादर हैं? रिपोर्टर- श्रीवास्तव हैं।

गुरु- (आरती से पूछते हुए) इनकी जुगाड़ बैठा लो कहीं। चलो हम तुम्हें कहीं लड़की दिखाएं। तुम लोग इस इलाके में रहकर नहीं ढूंढ पाते हो। एक लड़की गोस्वामी है। एक लड़की है उनकी, जो नाव (मल्लाह) चलाते हैं। हमारे यहां लड़के नहीं आते। हमारे पास जरूरतमंद घर से बहुत सारी लड़कियां हैं।

फोन करते हुए गुरु बोला- ज्योति और किरण को लेकर आ जाओ, भाड़ा हम दे देंगे।

गुरु- तुम्हारी इनसे कितने की बात हुई? रिपोर्टर- मेरी बात इन बहनजी से हुई है।

गुरु- कुछ तो खुलासा हुआ होगा? यहां तो देखो भइया लड़की वाले पैसा लेते हैं, करवाने वाले पैसा लेते हैं। जो बात है, सो क्लियर है।

रिपोर्टर- बहनजी ने बता दिया है, लड़की वाले को कुछ नहीं बताना। केवल हम-तुम लोग जानेंगे।

आरती- जब हम धंधा कर रहे हैं, मान लीजिए हम सब्जी बेच रहे हैं, तो अगले को क्यों बताएं कि हम कितने में लाए हैं मंडी से।

गुरु- लड़की तो तैयार है। कह रही है कि हम गांव वाले के साथ नहीं आएंगे। गुरुजी, तुम आ जाओ तो हम चल देंगे।

रिक्शा चेंज किया, रात के अंधेरे में हाईवे पर लड़की दिखाई

अब हम गुरु, आरती और एक स्थानीय महिला सोर्स के साथ ई-रिक्शा पर लड़की और उसके परिवार से मिलने जा रहे थे। रास्ते में आरती ने अपने जानने वाले एक रिक्शेवाले को बुलाया। उसके बाद हम चोपन रोड पर टोल गेट से 550 मीटर पहले (घसिया) में हाईवे के किनारे बने अस्थाई प्रतीक्षालय के पास लड़की देखने पहुंचे। यहां चारों तरफ अंधेरा था। सिर्फ हाईवे से गुजरने वाली गाड़ियों की आवाजें और हेडलाइट की रोशनी थी।

यहां पर रिक्शे से उतरते ही दलाल गुरु लड़की को बुलाने चला गया। करीब 15 मिनट बाद गुरु, उसके साथ एक दलाल लंगड़ा (दिनेश) और 3 लड़कियां आईं। दिनेश ने खुद को लड़की का नाना बताया। लड़की, जिसकी उम्र 14-15 साल रही होगी, उसको मेरे सामने खड़ा किया गया।

साथ में आई लड़कियों को दलाल ने अपनी बेटियां बताया। लड़की के माता-पिता के बारे में कहा कि इनके पिता पागल हैं, कूड़ा बीनते हैं। मां की मौत हो चुकी है। ये अपनी नानी के घर चोपन के पास गुड़बुड़ा गांव में रहती हैं। हमने लड़की देखने के बाद उसके परिवार से मिलने की इच्छा जताई। इसके बाद हम और हमारी सोर्स दलाल, आरती और गुरु के साथ वापस लौट आए।

दिन में देखने पहुंचे लड़की, घर में चल रही थी शराब पार्टी अगले दिन हम सुबह करीब 10 बजे कांशीराम कॉलोनी स्थित दलाल आरती के घर पहुंचे। वहां दलाल गुरु, लंगड़ा उर्फ दिनेश और लड़की के साथ उसके परिवार में नानी, नानी की छोटी बहन और एक लड़की थी। हमारी उम्र ज्यादा होने की वजह से दलाल गुरु ने हमें मूंछ कटवाने भेज दिया।

वापस आने पर बोला- देखो अब उम्र में 5 से 10 साल कम लग रहे हो। इस बीच लड़की के परिवार के सदस्य और दलाल शराब की दावत कर रहे थे। इस सबके बीच हम सबसे पहले लड़की की नानी से मिले। हम उनसे कुछ पूछते, तो दलाल बीच में बोलने लगते।

गुरु- लड़की को बुलाकर दिखा दीजिए।

इसके बाद अंदर बैठी लड़की को सामने लाया गया।

नानी- लड़की को आने-जाने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।

रिपोर्टर- कितना पढ़ी-लिखी हो? लड़की ने जवाब नहीं दिए, दलाल गुरु ही बोलने लगा। गुरु ने कहा- वहां कहां स्कूल रखे हैं? ये लोग पहाड़ी पर रहते हैं।

रिपोर्टर (लड़की से)- उम्र कितनी है तुम्हारी? गुरु- 18 से 20 के बीच होगी। नानी- 18 से कम ही होगी।

लड़की ने हमसे शादी के लिए हां कर दी। इस दौरान वह रोने भी लगी।

गुरु- इनका घर, मकान खेत देखना हो तो देख लो। इसके बाद हम अपने घर से माला पहना कर कोर्ट मैरिज करवाएंगे फिर तुम्हारे घर भेज देंगे। देखो हम बताएं, शगुन कर लो।

गुरु बातचीत के दौरान चिकन करी भी बनाता रहा।

गुरु बातचीत के दौरान चिकन करी भी बनाता रहा।

रिपोर्टर- डेट बताओ, कब की रख लें? गुरु- डेट दो-तीन दिन बाद की रख लो। अभी हमारा क्लाइंट आ रहा है। पहले हमें वो देखना है। हमने अभी 10 हजार रुपए लिए (किसी क्लाइंट से शादी के करवाने के लिए) हैं।

गुरु- ये खाना, इसकी (दिनेश) बीवी लेकर आई है, बीयर भी मंगवाई है। यहां के आदमी पर हम बहुत कम भरोसा करते हैं। जो काम करवाएंगे, ठोक कर करवाएंगे।

दिनेश- हम लोग फर्रुखाबाद, मैनपुरी, फिरोजाबाद, इटावा, आगरा, भरतपुर, राजस्थान में दसियों शादी करवा चुके हैं।

इसके बाद हम शादी की बात फाइनल करके वहां से निकल लिए।

लड़की की कीमत 1 लाख 40 हजार, गरीब परिवार की है लड़की दो दिन बाद मुन्नी ने हमें कॉल कर रामगढ़ चलने को कहा। हमें अपनी सुरक्षा की चिंता थी, इसलिए रामगढ़ जाने से मना कर दिया। बल्कि यहीं पर दूसरी लड़कियां देखने की बात कही। मुन्नी ने वॉट्सऐप पर 10 लड़कियों की फोटो भेजीं। हमने उसमें से एक को पसंद कर देखने की बात कही।

फिर हम मुन्नी के साथ उसके घर बातचीत करने पहुंचे। मुन्नी ने बताया लड़की की उम्र 16-17 साल है। इसकी एक बड़ी बहन की शादी राजस्थान के भरतपुर में हुई है। दोनों बहनों की शादी आस-पास हो जाएगी, तो बढ़िया रहेगा। मुन्नी ने बताया कि रामगढ़ में मेरे एक भइया रहते हैं, उनके जरिए उस लड़की के घर गई थी। मुन्नी ने इस लड़की की शादी के लिए 1 लाख 40 हजार रुपए की डिमांड की।

यह मुन्नी है, जिसने शादी कराने के बदले 1 लाख 40 हजार रुपए की डिमांड की।

यह मुन्नी है, जिसने शादी कराने के बदले 1 लाख 40 हजार रुपए की डिमांड की।

रिपोर्टर- इस शादी में कितना पैसा लग जाएगा? मुन्नी- 1.40 (एक लाख चालीस हजार) तक बात की है।

रिपोर्टर- फैमिली वालों को कितना देना पड़ेगा? मुन्नी- जो देगा वही (जो दलाल लड़की लेकर आएगा) जानेगा। हम लोगों को उससे कोई मतलब नहीं। देखो उन्हीं लोगों ने बात की है।

एक शादी पर 15 हजार की कमाई होती है, एक साल में 15 शादियां कराईं दलाल मुन्नी ने बताया- हम 10-15 शादी करवा चुके हैं। एक शादी पर 15 हजार रुपए बच जाते हैं। अगर किसी की खुशी होती है, तो वह अलग से भी दे देता है। हमारी शादी हरियाणा में हिसार के ड्रोली गांव में हुई है। लेकिन, हम ज्यादातर यहीं रहते हैं। लड़की पसंद करने के बाद दलाल मुन्नी ने उसकी कीमत 1 लाख 40 हजार रुपए बताई।

पुलिस को सब पता, केस आता है तो रुपए लेती है दलाल मुन्नी ने बताया कि उसने कांशीराम कॉलोनी से एक नाबालिग लड़की की शादी करवाई थी। लड़के की उम्र 35 साल के आसपास थी। शादी के बाद लड़की अपनी ससुराल राजस्थान चली गई। इसके बाद किसी ने चौकी पर शिकायत कर दी। लड़की और लड़का दोनों को यहां बुलवाया गया। पुलिस उनको चौकी ले गई। पुलिसवाले लड़का और लड़की को जेल भेजने की बात करने लगे। हालांकि, हमने पुलिस को 30 हजार रुपए देकर दोनों को बचा लिया। वह अपने घर राजस्थान चले गए। अब अच्छे से रह रहे हैं।

यहां कुछ गैंग के सदस्य पुलिस के साथ मिलकर खेल भी करते हैं। मुन्नी के मुताबिक, पहले नाबालिग से शादी कराते हैं, फिर पुलिस को सूचना देकर बुला देते हैं। इसके बाद लड़के वालों को पुलिस को पैसा देना पड़ता है।

कांशीराम कॉलोनी बनी हॉटस्पॉट, 50 से ज्यादा दलाल एक्टिव दलाल मुन्नी के मुताबिक, दंडइत बाबा मंदिर से सटी कांशीराम कॉलोनी में शादी करवाने के नाम पर लड़कियों को बेचने वाले करीब 50 दलाल एक्टिव हैं। इस एरिया में गरीबी ज्यादा है। इस वजह से गरीब परिवार ऐसे गिरोह के चंगुल में आसानी से फंस जाते हैं। एक दलाल एक शादी पर 15 से 50 हजार रुपए तक कमा लेते हैं।

गरीबी और अशिक्षा की वजह से परिवार दलालों के झांसे में आते हैं यूपी के सोनभद्र, मिर्जापुर के अलावा श्रावस्ती, गोंडा, ललितपुर, महाराजगंज और सिद्धार्थनगर जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। सोनभद्र की महिला सुरक्षा जनसेवा ट्रस्ट की संचालिका सावित्री देवी बताती हैं- सोनभद्र के ग्रामीण इलाकों में गरीबी और अशिक्षा है।

दलालों के निशाने पर अधिकतर गरीब परिवारों की लड़कियां होती हैं। ऐसे परिवारों को दलाल पैसों का लालच देकर फंसाते हैं। उसके बाद 13-15 साल की बच्चियों की शादी 30-35 साल के युवकों से करवा देते हैं। दलाल एक शादी के लिए 2 से 3 लाख रुपए तक लेते हैं। किसी-किसी परिवार को भी पैसे दे देते हैं। किसी परिवार को वो भी नहीं देते हैं। ग्राम प्रधान और सचिव को कई बार शादी के बारे में जानकारी हो जाती है, लेकिन वह भी किसी को नहीं बताते।

ऐसे 2 केस से समझिए, लड़कियों के साथ क्या होता है…

पहला केस- प्यार में फंसाकर ले गया, पहले रेप किया फिर 90 हजार बेचा हम सोनभद्र के पन्नूगंज थाना क्षेत्र के एक गांव पहुंचे। यहां एक व्यक्ति झोपड़ी में था। उसने बताया- मेरी 16 साल की बेटी को टेंट चलाने वाला संदीप बहला-फुसला कर भगा ले गया। सिलथम में उससे रेप किया। उसके अगले दिन सलखन (चोपन) में एक महिला विमला के घर रखा।

सलखन में 4-5 दिन रखने के बाद राजस्थान के विक्रम (35) से 90 हजार रुपए लेकर शादी करा दी। वह करीब 20 दिन तक जयपुर में रही, जहां से पुलिस ने बरामद किया। 5 आरोपी जनपद सोनभद्र से और 2 राजस्थान से गिरफ्तार किए गए।

दूसरा केस- 16 साल में शादी तय की, लड़का अधेड़ था तो बवाल हो गया दिसंबर, 2024 में चोपन के ही एक गांव में राजस्थान से बारात आई। लड़की की उम्र जहां 16 साल थी, वहीं दूल्हा 35 साल का था। इस बात की खबर फैली तो मीडियाकर्मी मौके पर पहुंच गए। हालांकि, लड़की और उसकी मां ने भी शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद लड़की की शादी रुक गई।

एक साल बाद हम उसके घर पहुंचे तो मां राजकुमारी (बदला हुआ नाम) हमें मिली। उनसे हमने सवाल किया कि आखिर ऐसी मजबूरी क्या थी, जो आप 16 साल की बच्ची की शादी करना चाह रही थीं? इस सवाल का जवाब चौंकाने वाला था। उन्होंने बताया- आजकल का माहौल बहुत खराब है। बच्चों के हाथ में फोन रहता है। बच्चों के साथ कांड भी हो जाया करते हैं। इसलिए हम चाहते थे कि समय रहते शादी हो जाए।

हमने उस लड़की से भी बात की। उसने भी अपनी सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए कहा- मैं चाहती हूं कि जल्द से जल्द मेरी शादी हो जाए। बहरहाल, हिडन कैमरे पर राजकुमारी मानती है कि जब शादी तय की थी, तो लड़के वालों ने ही शादी का पूरा खर्च उठाने का भरोसा दिया था।

नाबालिग से शादी पर 5 साल की सजा हो सकती है देश में शादी के लिए लड़के की उम्र 21 और लड़की 18 साल तय की गई है। नाबालिग से शादी करने वाले व्यक्ति को कम से कम 3 साल और अधिकतम 5 साल की जेल या जुर्माना या दोनों हो सकता है। नाबालिग के केस में पॉक्सो एक्ट में भी कार्रवाई होती है। नाबालिग लड़की के माता-पिता या अभिभावकों को भी शामिल किया जा सकता है। उन्हें एक साल की कैद या जुर्माना लगता है।

4 साल में 80 नाबालिगों की शादी DPO ने रुकवाई डिस्ट्रिक्ट प्रोबेशन ऑफिसर (DPO) के दफ्तर के एक कर्मचारी ने बताया- 4 साल में हम लोग पूरे सोनभद्र में करीब 80 नाबालिग लड़कियों की शादी रुकवा चुके हैं। इनमें 15 नाबालिग लड़कियों की शादी बाहर के राज्यों में हो रही थी। इनमें 10 शादियां दंडइत बाबा मंदिर से रुकवाई हैं।

ऐसे केस अकेले सोनभद्र से ही नहीं, झारखंड बॉर्डर से सटे हुए दुग्धी, नगवा और घोरावल क्षेत्र से ज्यादा आते हैं। वहीं, चाइल्ड हेल्पलाइन ने नवंबर, 2023 से 6 फरवरी, 2025 तक 39 नाबालिग लड़कियों की शादी रुकवाई है। इस टीम ने भी दंडइत बाबा मंदिर से साल 2023-24 में 5 नाबालिग लड़कियों की शादियां रुकवाई।

———————————–

यह खबर भी पढ़ें

‘मरीजों को मौत के बाद भी वेंटिलेटर पर रखता हूं’:डॉक्टर बोले- मरीज दीजिए, लाखों कमाएंगे; भास्कर के स्टिंग में हॉस्पिटल एक्सपोज

बिहार के मरीजों का UP के अस्पतालों में सौदा किया जा रहा है। एजेंट्स का सामान्य मरीज भेजने पर टोटल बिल पर 40% और सीरियस मरीजों के लिए 30 हजार रुपए का रेट फिक्स है। वेंटिलेटर पर मरीजों की सांस बढ़ी तो कमीशन भी बढ़ता जाएगा। दवा और जांच के साथ बेड तक के रेट फिक्स हैं। सिलसिलेवार तरीके से पढ़िए और देखिए ये इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्ट



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular