रांची स्थित खेलगांव थाना क्षेत्र के खेलगांव हाउसिंग सोसायटी परिसर से मंगलवार को एक लेफ्टिनेंट कर्नल का शव बरामद किया गया। शव पार्किंग एरिया में पड़ा मिला है। आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने सुसाइड किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
.
मृतक की पहचान दिवाकर सिंह (48) के रूप में हुई है। वह रांची के नामकुम में पोस्टेड थे। इधर, मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। आशंका जताई जा रही है कि दिवाकर ने 7वें फ्लोर से कूदकर आत्महत्या की है। हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
सुबह पड़ोसी ने देखा शव तो परिजनों को बताया
बताया जाता है कि वह मानसिक रूप से बीमार थे। पिछले एक साल से उनका इलाज चल रहा था। उनके घर में पत्नी और बेटी थी। दोनों को इस बात की जानकारी नहीं थी कि वह रात में छत पर कब गए। सुबह में पड़ोसी ने बताया कि उनका शव बिल्डिंग के नीचे पड़ा है। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।