आज राजस्थान में मानसून की एंट्री हो गई है। उदयपुर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, चित्तौडगढ़, झालावाड़, बारां, सिरोही, बाड़मेर, जोधपुर, जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा के जिलों में प्रवेश किया है। पहले दिन आधे राजस्थान को कवर कर लिया है। ये तय समय से 7 दिन पहले आ
.
2024 में पिछले 10 साल में सर्वाधिक बारिश
राजस्थान में जून से 30 सितंबर तक (मानसून सीजन) में औसतन 435MM बरसात पूरे सीजन में होती है। पिछले 10 साल की रिपोर्ट देखें तो साल 2018 में ही ऐसा सीजन रहा जब मानसून में बारिश औसत से कम हुई हो। आखिरी साल 2024 में मानसून सीजन में जबरदस्त बारिश हुई थी, उस समय पूरे प्रदेश में औसत से 56 फीसदी ज्यादा बरसात हुई है। इस बार भी मौसम विभाग ने राजस्थान में औसत से ज्यादा बारिश होने का अनुमान जताया है।

पिछले साल जयपुर में औसत से 88 फीसदी ज्यादा हुई बारिश
पिछले मानसून सीजन में राजधानी जयपुर में जबरदस्त बारिश हुई। यहां एक जून से 30 सितंबर तक औसत से 88 फीसदी ज्यादा बरसात हुई। जयपुर में एक सीजन में औसतन 524.3MM बरसात होती है, लेकिन पिछले सीजन में यहां 986.6MM बरसात हुई। जयपुर के अलावा दौसा में 594.5MM बारिश के मुकाबले 1409.4MM बरसात हुई, जो औसत से 137 फीसदी ज्यादा रही। ये ऐसा जिला रहा, जहां पिछले सीजन सबसे ज्यादा बरसात हुई थी। वहीं सीकर, अलवर और झुंझुनूं में क्रमश: औसत से 54 फीसदी, 73 फीसदी और 35 फीसदी ज्यादा बरसात हुई थी।

कोटा संभाग के झालावाड़ में हुई थी औसत से कम बारिश
पिछले सीजन में कोटा संभाग के चार जिलाें कोटा, बारां, बूंदी, झालावाड़ के एरिया में से झालावाड़ ऐसा जिला है जहां औसत 3 फीसदी कम बारिश हुई। झालावाड़ में एक सीजन में औसतन 884.3MM बारिश होती है, जबकि पिछले सीजन में 853.9MM बरसात हुई। इसके अलावा कोटा में 732.2MM औसत बारिश की तुलना में 901.5MM यानी 23 फीसदी ज्यादा बरसात दर्ज हुई। वहीं बूंदी में औसत से 63 फीसदी ज्यादा, जबकि बारां जिले में औसत से 30 फीसदी ज्यादा बरसात हुई थी।

भरतपुर संभाग में औसत से 70 फीसदी ज्यादा बरसात
पिछले सीजन में पूर्वी राजस्थान के भरतपुर में जबरदस्त बारिश हुई थी। भरतपुर जिले में औसत बारिश 543.3MM के मुकाबले 925.4MM बरसात हुई थी, जो औसत से 70 फीसदी ज्यादा थी। धौलपुर में 1211.8MM बरसात हुई, ये औसत से 107 फीसदी ज्यादा थी। करौली में 1245.8MM बरसात हुई, जो औसत से 109 फीसदी ज्यादा और सवाई माधोपुर में 1285.6MM बरसात यानी औसत से 94 फीसदी ज्यादा बारिश हुई।

उदयपुर संभाग में औसत रहा मानसून
उदयपुर संभाग में पिछले सीजन मानसून औसत रहा। उदयपुर जिले में 617.7MM औसत बारिश की तुलना में 698.3MM बारिश हुई। वहीं चित्तौड़गढ़ में 817.8MM, प्रतापगढ़ में 1100.7MM, डूंगरपुर में 774MM और बांसवाड़ा में 1043.4MM बरसात हुई।

टोंक में आई थी बाढ़, खोलने पड़े बीसलपुर बांध के गेट
अजमेर संभाग के एरिया में पिछले साल टोंक, भीलवाड़ा, अजमेर के एरिया में जबरदस्त बारिश हुई थी। टोंक में बाढ़ जैसे हालात हो गए थे। भारी बारिश के कारण यहां सितंबर में बीसलपुर बांध फुल हो गया था, जिसके कारण बांध के गेट खोलकर पानी छोड़ना पड़ा था। अजमेर में पिछले सीजन 458.3MM औसत बारिश की तुलना में 819.6MM यानी 79 फीसदी ज्यादा बरसात हुई थी। इसी तरह टोंक में 1115.6MM औसत से 97 फीसदी ज्यादा, भीलवाड़ा में 854.8MM औसत से 41 फीसदी ज्यादा और नागौर में 656.5MM औसत से 78 फीसदी ज्यादा बरसात हुई थी।

जैसलमेर में हुई थी डेढ़ गुना बारिश, जोधपुर संभाग में अच्छा रहा था मानसून
पिछले सीजन पश्चिमी राजस्थान में भी मानसून की अच्छी बारिश हुई थी। जैसलमेर में 176.9MM औसत बारिश के मुकाबले 438.2MM बारिश हुई थी, जो औसत से 148 फीसदी ज्यादा रही। जोधपुर जिले में 507.6MM बारिश पिछले सीजन में हुई, जो औसत बारिश 292.6MM के मुकाबले 73 फीसदी ज्यादा है। पाली में औसत से 59 फीसदी, बाड़मेर में 65, जालोर में 13 और सिरोही में औसत से 6 फीसदी ज्यादा बरसात हुई थी।

बीकानेर संभाग में अच्छी हुई बारिश
पिछले सीजन में बीकानेर संभाग के एरिया में मानसून की अच्छी बारिश हुई। यहां जुलाई और अगस्त के दूसरे सप्ताह तक ही मानसून की बारिश औसत से ज्यादा हो गई थी। बीकानेर में पिछले सीजन 423.3MM बरसात हुई, जो औसत 247MM बारिश से 71 फीसदी ज्यादा थी। चूरू में 536.3MM (61 फीसदी ज्यादा), गंगानगर 314.1MM (53 फीसदी ज्यादा) और हनुमानगढ़ में 328.4MM (29 फीसदी) ज्यादा बरसात हुई थी।

राजस्थान के प्रमुख बांधों की स्थिति
बांध | फुल लेवल (आरएल मीटर) | वर्तमान लेवल (आरएल मीटर) | कितना भरा (%) |
राणा प्रताप सांगर | 352.81 | 352.17 | 95.62 |
कोटा बैराज | 260.30 | 259.89 | 97.58 |
जवाहर सागर | 298.70 | 298.22 | 93.36 |
माही बजाज | 281.50 | 269.15 | 40.12 |
हारो बांध | 6.40 | 2.75 | 17.11 |
बीसलपुर बांध | 315.50 | 312.45 | 54.04 |
गाल्वा बांध | 6.10 | 3.78 | 38.33 |
टोरडी सागर | 9.15 | 6.25 | 34.37 |
मोरल बांध | 262.43 | 7.47 | 69.99 |
पार्वती बांध | 223.41 | 217.80 | 38.05 |
गुढ़ा बांध | 10.52 | 6.55 | 44.68 |
छापरवाड़ा | 5.18 | 1.27 | 7.01 |
जवाई बांध | 18.67 | 6.09 | 16.47 |
सरदार समंद | 7.62 | 4.96 | 24.25 |
मेजा बांध | 9.14 | 2.86 | 6.45 |
सोमकमला अम्बा | 13 | 7.25 | 37.66 |
राजसमंद | 9.15 | 4.62 | 40.67 |
जयसमंद | 8.38 | 2.36 | 42.23 |
जाखम बांध | 31 | 14.90 | 23.91 |