निवाड़ी के ऐतिहासिक थाने वाले हनुमान मंदिर परिसर में राम कथा रविवार से शुरू हुई। कथा का शुभारंभ बड़ी माता मंदिर से निकली कलश यात्रा से हुआ। नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए यात्रा कथा स्थल पर पहुंची।
.
कथा में देवी गौरंगी और विशाखा भारद्वाज श्रीराम की लीलाओं का वर्णन कर रही हैं। आयोजन प्रतिदिन शाम 4 बजे से हो रहा है।
देवी गौरंगी बोलीं- राम नाम लेने से भगवद्धाम की प्राप्ति होती है
देवी गौरंगी ने कथा में कहा कि मनुष्य के लिए सभी भोग-विलास मिट्टी में मिली खीर समान हैं। भगवान के धाम की प्राप्ति के लिए निरंतर भगवत चिंतन आवश्यक है। महात्मा-मुनि कई जन्मों तक तप करते हैं। उनकी इच्छा रहती है कि अंतिम समय में प्रभु का नाम स्मरण हो।
उन्होंने बताया कि मृत्यु से कोई नहीं बच सकता। अंतिम समय में राम नाम लेने से भगवद्धाम की प्राप्ति होती है। मकान या धन में आसक्ति रखने वालों को प्रेत या सर्प योनि मिलती है।
नगर और आसपास के गांवों से श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं।
23 जून को होगा कथा का समापन
मंदिर के पुजारी पंडित राजू महाराज ने बताया कि नगर में पहली बार राम कथा का इतना विशाल आयोजन हो रहा है। यह समस्त भक्त मंडल के सहयोग से संभव हुआ है। कथा का समापन 23 जून को होगा।