घरघोड़ा रेंज में 38 हाथियों का दल विचरण कर रहा है, मृत शावक को पोस्टमार्टम के बाद दफनाया गया
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक हाथी शावक की मौत हो गई। दोपहर में ग्रामीणों ने कीचड़ में फंसे शावक के शव को देखा। जिसके बाद मामले की सूचना वन अमला को दी गई। मामला घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के पानीखेत का है।
.
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार की दोपहर को पानीखेत गांव के डेम के पास कीचड़ में हाथी शावक के शव को ग्रामीणों ने देखा। तब उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग को दी। जिसके बाद रेंजर समेत वन अमला मौके पर पहुंच गया। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि हाथी का शावक पानी पीने या नहाने के लिए डेम के पास आया होगा।
उसके बाद वह कीचड़ में फंस गया। जिससे वह बाहर नहीं निकल सका और उसकी मौत हो गई। वन अमला ने शावक के शव को जेसीबी के माध्यम से किसी तरह बाहर निकालवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव को दफनाया गया है।
कीचड़ में फंसने के बाद हाथी का शावक बाहर नहीं निकल सका और उसकी मौत हो गई
38 हाथी का दल कर रहा विचरण
घरघोड़ा रेंज के पानीखेत के जंगल में 38 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। बताया जा रहा है कि, शाम ढलने के बाद खेतों के करीब तक हाथी पहुंचते हैं। शावक भी उसी दल का रहा होगा। मृत नर शावक की उम्र करीब 5-6 माह की होगी और उसका शव करीब 1 दिन पुराना होने की बात कही जा रही है।
शरीर पर चोट के निशान नहीं
इस मामले में घरघोड़ा रेंजर चंद्रकुमार राठिया ने बताया कि शावक के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं थे। कीचड़ में फंसने के कारण ही उसकी मौत हुई होगी। मामले में जांच की जा रही है। पास के जंगल में विचरण कर रहे हाथी के दल पर भी विभाग द्वारा निगरानी की जा रही है।