महापौर व आयुक्त की उपस्थिति में शहर के विकास कार्यों पर हुई चर्चा
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ नगर निगम में पहली मेयर इन काउंसिल (MIC) बैठक हुई। महापौर जीवर्धन चौहान की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शहर से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। नगर निगम ने 206.82 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की
.
8 पार्षदों को मिली जगह, विभागों का हुआ बंटवारा
नगर निगम की एमआईसी (MIC) में कुल 8 पार्षदों को शामिल किया गया है, जिनमें से 2 पार्षदों के नाम जल्द घोषित किए जाएंगे। बैठक के दौरान सभी MIC सदस्यों को उनके विभागों का आवंटन कर दिया गया।
शहर विकास पर हुई विस्तृत चर्चा
महापौर कक्ष में आयोजित इस पहली MIC बैठक में शहर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण एजेंडों पर चर्चा हुई। नगर निगम आयुक्त ब्रजेश सिंह क्षत्रीय ने MIC सदस्यों द्वारा मांगी गई जानकारियां उपलब्ध कराईं। बैठक में तय किए गए एजेंडों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
8.63 करोड़ की प्लेसमेंट भर्ती को मंजूरी
बैठक में जल, विद्युत और सफाई कार्यों से जुड़े विभागों के लिए प्लेसमेंट कर्मचारियों की भर्ती के लिए 8.63 करोड़ रुपए की मंजूरी प्रदान की गई।
मेयर इन कौंसिल की पहली बैठक में उपस्थित एमआईसी के सदस्य
पचधारी डैम के पास बनेगा इको पार्क, मिली मंजूरी
शहर के विकास कार्यों को गति देने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। फोरलेन सड़क निर्माण के लिए 21.10 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है, जिससे यातायात व्यवस्था सुगम होगी और शहर का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा।
नगर निगम के टाउन हॉल के विरासत संरक्षण के लिए 3.50 करोड़ रुपए, जबकि इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम प्रोजेक्ट के लिए 3.20 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। वहीं, पचधारी डैम के पास इको पार्क के निर्माण के लिए 24.80 करोड़ रुपए और मल्टीलेवल पार्किंग के लिए 39.50 करोड़ रुपए की स्वीकृति से शहर को आधुनिक स्वरूप देने की योजना बनाई गई है।
तालाबों का होगा कायाकल्प
एमआईसी की बैठक में शहर के तालाबों को लेकर भी चर्चा हुई। शहर के तालाबों के कायाकल्प के लिए 18.50 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। इसके अलावा, पहाड़ मंदिर और बालसमुंद के सौंदर्यीकरण के लिए 36.47 करोड़ रुपए, कोतरारोड ओवरब्रिज के नीचे के क्षेत्र के विकास के लिए 3.47 करोड़ रुपए, और पुराने सारंगढ़ बस स्टैंड स्थित मटन मार्केट के डेवलपमेंट के लिए 2.50 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है।
इन विकास कार्यों को भी मिली मंजूरी
शहर के अन्य प्रमुख विकास कार्यों में डिग्री कॉलेज के सामने सब्जी बाजार, कैफेटेरिया और दुकानों के पुनर्निर्माण के लिए 12.50 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा कायाघाट स्थित छठ घाट के पुनर्निर्माण के लिए 16.10 करोड़ रुपए, और खर्राघाट के निर्माण के लिए 7.50 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। इसके अलावा, केवड़ाबाड़ी से सुभाष चौक तक के नालों के तटीकरण के लिए 4.80 करोड़ रुपए और गौरव पथ से सावित्री नगर तक के नालों के तटीकरण के 4.25 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है।