बस स्टैंड के समीप सफाई करते हुए विधायक लक्ष्मण सिंह यादव।
हरियाणा के रेवाड़ी शहर में शनिवार से महा सफाई अभियान की शुरूआत हुई। विधायक लक्ष्मण यादव खुद झाड़ू लेकर सड़क पर उतरे। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा आम लोगों ने भी सड़कों की सफाई की। करीब दो घंटे के अंदर सरकुलर रोड को साफ किया गया।
.
दरअसल, सफाई अभियान की शुरुआत अंबेडकर चौक से सुबह 7 बजे हुई। पूरे सरकुलर रोड को चार भागों में बांटा गया, जिसमें सामाजिक संगठनों के अलावा शहर के आम लोग व प्रशासनिक अधिकारियों ने शिरकत की। बस स्टैंड से बावल चौक तक खुद विधायक लक्ष्मण यादव ने झाड़ू लेकर सफाई की।
मीडिया से बात करते हुए विधायक लक्ष्मण सिंह यादव।
लोगों को मानसिकता बदलनी होगी
विधायक लक्ष्मण यादव ने कहा कि लोगों को अपनी मानसिकता बदलनी होगी। उन्हें ये सोचना होगा कि मैं खुद सफाई करूंगा तो ही सब मिलकर सफाई करेंगे। मानसिकता बदलेगी तो शहर अपने आप साफ-सुथरा नजर आएगा। आज से मानसिकता बदलने का ये पहला प्रयास किया गया है, जो निरंतर चलेगा।
विधायक बोले-गंदगी का अंबार लगा हुआ है
विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने माना कि शहर की जिन सड़कों पर वह जा रहे हैं, वहां गंदगी के अंबार लगे हुए है। सफाई कर्मचारियों की कमी जरूर है, लेकिन हमारे पास 336 सफाई कर्मचारी हैं। जितने हैं कम से कम उतनी तो सफाई दिखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की कमी को लेकर उन्होंने विधानसभा में उठाया था।
विधायक ने अधिकारियों के साथ की थी बैठक
बता दें कि विधायक लक्ष्मण सिंह यादव लगातार शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ मीटिंग कर रहे हैं। इसके अलावा शहर के सामाजिक संगठनों के साथ भी उन्होंने बैठक की। तीन दिन पहले विधायक ने ऐलान किया था कि अब हर वीकेंड पर शहर में सफाई अभियान चलेगा। जब तक शहर साफ-सुथरा नजर ना आए तब तक ये अभियान जारी रहेगा।