रोहतास में शनिवार को जमीन विवाद ने खून-खराबे का रूप ले लिया। रास्ते की जमीन को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद में गोलीबारी हुई। इस दौरान 20 वर्षीय जयप्रकाश यादव की मौत हो गई, जबकि सुग्रीव यादव नामक युवक घायल हो गया।
.
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गोली चलाने वाला कोई बाहरी नहीं बल्कि मृतक जयप्रकाश का फूफा गांधी यादव था। वह नोखा से हथियार लेकर पहुंचा था और नशे में धुत होकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोली अपने ही पक्ष के दो लोगों को लगी।
मौत के बाद गुमराह करने की कोशिश
घटना के बाद गांधी यादव ने मृतक का शव नोखा थाना क्षेत्र के कृष्णापुर टोला में ले जाकर झूठा शोर मचाया कि “अपराधियों ने हत्या कर दी है”। लेकिन एसपी रौशन कुमार के निर्देश पर हुई गहन जांच में पूरा मामला खुल गया।
चाचा और फूफा गिरफ्तार
रोहतास पुलिस ने अकोढ़ीगोला के सुरेंद्र सिंह यादव और नोखा के गांधी यादव को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी रौशन कुमार ने कहा,
“जांच में स्पष्ट हुआ है कि यह हत्या आपसी झगड़े और नशे की हालत में चलाई गई गोली से हुई है।”
भूमि विवाद से बार-बार हिंसा
बेलागढ़ी में सुरेंद्र यादव और विनोद यादव के बीच रास्ते की जमीन को लेकर वर्षों से विवाद चल रहा था। शनिवार को यह विवाद हिंसक हो गया और एक युवक की जान चली गई, वहीं एक अस्पताल में जूझ रहा है।