लखीमपुर खीरी वन विभाग ने लगभग आधा दर्जन गांवों में दहशत बने तेंदुए को पिंजरे मैं कैद कर लिया है l तेंदुए की चहलकदमी के बाद लगाए गए पिंजरे में देर रात तेंदुआ फंस गया है l तेंदुए की धरपकड़ के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है l
.
शारदानगर रेंज में वन क्षेत्र से बाहर घूम रहा तेंदुआ कल बुधवार की रात पकड़ा गया। मंगलवार की रात तेंदुआ ने जिगनियां में बछड़े का शिकार कर लिया था। सूचना पर तत्काल वन कर्मियों ने मौके पर पिंजरा लगाया था। कई दिनों से आबादी वाले इलाके में घूम रहे इस तेंदुए को बुधवार रात पकड़ने में सफलता प्राप्त हुई। तेंदुआ मैनहा, शीतलपुर, नौधन, चकई, गुड़वा, बंजरिया आदि ग्रामों विचरण कर जिगनियां पहुंचा था और क्षेत्र के लगभग आधा दर्जन गांवों में इसे देखा जा चुका था। इसके कारण लोगों में दहशत बनी हुई थी।
इसी क्षेत्र के मैनहा गांव में लगभग एक महीने पहले एक दर्दनाक घटना सामने आई है। 9 वर्षीय गुड्डू, जो अपने नाना के गांव में रह रहा था, जानवरों के लिए चारा लेने खेत में गया था। इसी दौरान इस तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया और खींच कर खेत में ले गया था। इसके बाद ग्रामीणों ने गुड्डू का शव गन्ने के खेत में क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद किया था। इसके बाद से तेंदुआ कई बार उसी क्षेत्र में चहल कदमी करते देखा गया था और वन विभाग ने उसे पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया था, जिसमें बुधवार देर रात तेंदुआ फंस गया l