लुधियाना के समराला चौक पर हंगामा कर रहे लोगों को रोकते पुलिसकर्मी।
पंजाब के लुधियाना में समराला चौक पर आज सुबह हंगामा हो गया। कॉलेज बस की चपेट में आने से एक मजदूर घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। लोगों ने बस चालक को काबू कर उसकी पिटाई कर दी।
.
मजदूर के साथी प्रवासियों ने मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की की, जिसका वीडियो सामने आया है। घायल की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रवासियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी का कॉलर पकड़ लिया और उसे धक्का देना शुरू कर दिया।
घटना स्थल पर डंडे लेकर घूमते युवक।
बड़ी संख्या में प्रवासियों ने सड़क जाम कर दी
समराला चौक पर मौजूद कुछ लोगों ने पुलिस कर्मियों को प्रवासियों से बचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बस को कब्जे में ले लिया। बस चालक को पुलिस ने पकड़ लिया। बड़ी संख्या में प्रवासी युवकों ने समराला चौक पर जाम लगा दिया था, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और यातायात को फिर से सुचारू रूप से शुरू कराया।

समराला चौक पर हंगामा करते युवक।
पीछे धकेलने की कोशिश कर रहा था पुलिसकर्मी
वीडियो में आप देख सकते हैं कि कई युवक जमकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि बस चालक ने पैदल चल रहे एक व्यक्ति को टक्कर मार दी थी। इस मामले को लेकर लोगों में गुस्सा है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस घटना को लेकर मौके पर मौजूद बड़ी संख्या में लोगों को एक पुलिस कर्मी पीछे धकेलने की कोशिश कर रहा था। जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से बस चालक को प्रवासियों के चंगुल से बचाया गया।
घटना के दौरान बस चालक को लोगों ने बचाकर पुलिस के हवाले कर दिया। जिसके बाद पुलिस बस और चालक को थाने ले गई और मामले की जांच शुरू कर दी।