- Hindi News
- National
- Maharashtra Chhatrapati Shivaji Maharaj Statue Collapse Reason; Eknath Shinde | Indian Navy
मुंबई3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सिंधुदुर्ग में छत्रपति शिवाजी महाराज की 8 महीने पुरानी प्रतिमा गिरने के पीछे तेज हवाओं को जिम्मेदार ठहराया है। शिंदे ने सोमवार (26 अगस्त) देर शाम कहा कि 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही थी, जिससे प्रतिमा ढह गई।
सीएम ने कहा, ‘नेवी ने शिवाजी महाराज की 35 फुट ऊंची प्रतिमा की डिजाइनिंग और कंस्ट्रक्शन करवाई थी। हम इसे दुबारा मजबूत तरीके से बनाएंगे।’ शिंदे ने कहा कि PWD और नेवी के अधिकारी मंगलवार (27 अगस्त) को सिंधुदुर्ग जाकर घटना की जांच करेंगे।
सोमवार (26 अगस्त) को तटीय सिंधुदुर्ग जिले के राजकोट किले में शिवाजी महाराज की प्रतिमा ढह गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4 दिसंबर, 2023 को इसका उद्घाटन किया था। पुलिस ने मामले में कांट्रेक्टर जयदीप आप्टे और स्ट्रक्चरल कंसल्टेंट चेतन पाटिल के खिलाफ FIR दर्ज की है।
PWD विभाग के मंत्री बोले- नेवी को स्टील में जंग लगने की जानकारी दी थी
महाराष्ट्र सरकार में PWD विभाग के मंत्री और भाजपा नेता रवींद्र चव्हाण ने बताया कि शिवाजी महाराज की प्रतिमा की स्थापना के लिए महाराष्ट्र सरकार ने नौसेना को 2.36 करोड़ रुपए दिए थे। हालांकि, प्रतिमा बनाने वाले आर्टिस्ट के चयन, उसके डिजाइन की पूरी प्रक्रिया नेवी ने की थी।
चव्हाण ने बताया कि 8 सितंबर, 2023 को प्रतिमा बनाने का ऑर्डर दिया गया था। प्रतिमा में इस्तेमाल किए गए स्टील में जंग लगना शुरू हो गया था। PWD ने पहले ही नेवी के अधिकारियों को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी थी और उनसे ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए थे।