दरभंगा के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के शिक्षक रामाश्रय यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 2 कट्टा और 4 कारतूस बरामद हुए हैं।
.
घटना 28 जनवरी 2025 की सुबह करीब 10 बजे की है। कचरूकी पुल पर चार अज्ञात अपराधियों ने शिक्षक रामाश्रय यादव को गोली मार दी थी। पुलिस ने कुशेश्वरस्थान थाना में केस दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में चार अपराधी 2 बाइक पर नजर आए। इसके आधार पर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिरौल मनीष चंद्र चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने इस मामले में मुकेश यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल की और तीन अन्य साथियों के नाम बताए। इनमें रंजन यादव, सुदर्शन कुमार झा और सुबोध कुमार शामिल थे।
अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रंजन यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि आपसी विवाद के कारण हत्या की साजिश रची गई थी। हीरा यादव ने कुशेश्वरस्थान हाई स्कूल के मैदान में रंजन यादव को 50 हजार रुपए दिए और काम पूरा होने के बाद और पैसे देने की बात कही।
रंजन यादव ने शिक्षक रामाश्रय यादव से नजदीकी बढ़ाई और हत्या की योजना बनाई। घटना से पहले रंजन यादव, सुबोध कुमार, मुकेश यादव और सुदर्शन कुमार झा ने राजनपुर में पूरी साजिश रची। चारों ने मिलकर हत्या को अंजाम दिया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए झाड़ाघाट गोबराही रंगेलिपुर से रंजन यादव, सुबोध कुमार और प्रभाकर यादव को गिरफ्तार किया। इनके पास से 2 देशी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। रंजन यादव के बयान के आधार पर पुलिस ने लालो यादव, हीरा यादव, रामचंद्र पासवान और शंभु कुमार चौधरी को भी गिरफ्तार कर लिया। सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।