संगठन निर्माण पर बैठकें जारी, डिंडोरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं गुरुदयाल बंजारे
डिंडोरी में बुधवार दोपहर 12 बजे कांग्रेस पार्टी के नियुक्त पर्यवेक्षक और छत्तीसगढ़ के पूर्व विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे ने रेस्ट हाउस में प्रेस कांफ्रेंस की।
.
उन्होंने बताया कि पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए जिले के कार्यकर्ताओं से लगातार बैठक की जा रही है। साथ ही कांग्रेस जिला अध्यक्ष के चयन को लेकर भी कार्यकर्ताओं की राय ली जा रही है।
बंजारे ने कहा कि 9 जून से अब तक मेंहदवानी और शहपुरा ब्लॉक में कार्यकर्ताओं और व्यापारियों के साथ बैठकें हो चुकी हैं। इनमें सभी की बात सुनी गई है।
उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ जगहों पर कार्यकर्ता कम संख्या में आए, लेकिन पार्टी की गाइडलाइन है कि हर स्तर के कार्यकर्ता की राय जरूरी है।
उन्होंने यह भी कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में शाहपुरा सीट कांग्रेस पांच हजार वोटों से हारी थी, उसकी भी समीक्षा की जा रही है।
बंजारे ने बताया कि वे 18 जून तक जिले के ब्लॉकों में जाकर कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे और 20 जून को भोपाल में होने वाली समीक्षा बैठक में सभी सुझाव रखेंगे।
उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्ष चुनने के लिए पार्टी ने कुछ मानदंड तय किए हैं- जैसे उम्मीदवार कम से कम छह साल से सक्रिय सदस्य हो, निष्ठावान और पार्टी के लिए समय देने योग्य हो।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बंजारे ने यह भी कहा कि कुछ कार्यकर्ता निजी स्वार्थ या अवसरवादी कारणों से भाजपा में चले गए हैं। ऐसे मामलों की जांच और निर्णय के लिए अब जिला स्तर पर एक ‘राजनीतिक हस्तक्षेप समिति’ बनाई जाएगी।
इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष अशोक पड़वार, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष राम जी संतोषी साहू और ब्लॉक अध्यक्ष जावेद इकबाल भी मौजूद रहे।