जख्मी को सदर अस्पताल में कराया गया था भर्ती।
समस्तीपुर में शुक्रवार रात बदमाशों ने मॉल कर्मी से बाइक छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर कर्मी को गोली मारकर जख्मी कर दिया। कर्मी की पहचान दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के बुलाकीचक निवासी चंदन कुमार के रूप में हुई है।
.
चंदन देर रात काम निपटाकर मॉल से निकल रहे थे। इसी दौरान कामराव गाव के पास बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। गोली चंदन के पंजरे में लगी है। गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोग जुटे तो बदमाश वहां से फरार हो गए। बाद में परिवार के लोगों ने उन्हें दलसिंहसराय अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां से उपचार के बाद उन्हें समस्तीपुर सदर अस्पताल भेजा गया। आज सुबह सदर अस्पताल से उन्हें डीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
जख्मी को डीएमसीएच लेकर जाते परिजन।
आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी
दलसिंहसराय के डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि काम से लौट रहे मॉलकर्मी पर बदमाशों ने गोली चलाई है। जिसमें वह जख्मी हुए हैं, जख्मी का बयान नहीं लिया जा सका है। उनकी स्थिति गंभीर है। पुलिस अपने स्तर से इस मामले में जांच कर रही है। आवेदन मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।