बिलासपुर स्थित साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के आईजीओटी कर्मयोगी लर्निंग पोर्टल पर कंपनी ने देशभर के सरकारी उपक्रमों में चौथा स्थान प्राप्त किया है।
.
SECL के 11,971 कर्मियों ने पोर्टल पर पंजीकरण कराया है। इनमें 2,445 अधिकारी और 9,526 कर्मचारी शामिल हैं। कंपनी के कर्मचारियों ने अब तक 38,852 कोर्स सफलतापूर्वक पूरे किए हैं। लगभग 3,000 कर्मियों ने छह या अधिक कोर्स पूरे किए हैं। 716 कर्मियों ने 10 से अधिक कोर्स पूरे किए हैं।
कोयला मंत्रालय द्वारा जारी सूची में SECL के कर्मी सर्वाधिक कोर्स पूरा करने में अव्वल रहे हैं। टॉप 20 प्रदर्शनकर्ताओं में से एक तिहाई एसईसीएल से हैं। जनवरी में नई दिल्ली में आयोजित चिंतन शिविर में कोयला मंत्री ने श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया।
कर्मयोगी पोर्टल भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण डिजिटल लर्निंग पहल है। यह पोर्टल सरकारी कर्मियों को व्यवसायिक विकास, नेतृत्व कौशल और डिजिटल तकनीक जैसे विषयों में प्रशिक्षित करता है। इससे कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ती है।
यह उपलब्धि 10 हजार से 50 हजार यूजर्स वाली सार्वजनिक कंपनियों की श्रेणी में हासिल की गई है। SECL के कर्मियों ने शिक्षा और कौशल विकास की इस पहल में उत्साहपूर्वक भागीदारी की है।