सहरसा में मंगलवार की देर शाम एक व्यक्ति को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। त्रिमूर्ति चौक के हकपाडा वार्ड-5 के रहने वाले 45 साल के मोहम्मद फखरुद्दीन रजिस्ट्री ऑफिस से घर लौट रहे थे।
.
रास्ते में दो बदमाशों ने उनके पेट के निचले हिस्से में एक गोली मार दी। गोली दाहिनी तरफ से आर-पार हो गई। स्थानीय लोगों ने घायल फखरुद्दीन को तुरंत शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शहर के निजी अस्पताल के डॉक्टर डॉ विजय शंकर के अनुसार, उनके शरीर में कई गंभीर चोटें हैं। ऑपरेशन के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मोहल्ले के लोगों पर हमला करने का आरोप
पीड़ित की पत्नी नाजिया परवीन ने बताया कि घटना से महज 10 मिनट पहले ही उनसे फोन पर बात हुई थी। फखरुद्दीन ने कहा था कि वे घर लौट रहे हैं। परिवार वाले ने मोहल्ले के कुछ लोगों पर शक जताया है। उनका कहना है कि पुरानी रंजिश के कारण यह हमला किया गया है।
गोलीबारी की घटना के बाद सदर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार दल बल के साथ अस्पताल पहुंचे। जहां जख़्मी से और परिवार वालो से घटना की जानकारी लेने मे जुटे है। सहरसा सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि पुलिस को गोलीकांड की सूचना मिल गई है। मामले की गहन जांच की जा रही है। अभी तक गोली चलने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।