.
सीओ के चैंबर में रिश्वत देने पहुंचे पूर्व वार्ड सदस्य सिकंदर अहमद को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वह अपने रिश्तेदार की भूमि के दाखिल खारिज के लिए सीओ प्रिया आर्याणी से मिलने पहुंचे थे। बातचीत के दौरान उन्होंने एक बंद लिफाफे में रिश्वत देने की कोशिश की। सीओ ने तुरंत सिकटा थाना को सूचना दी। सूचना मिलते ही एएसआई भीम यादव के नेतृत्व में गश्ती दल मौके पर पहुंची। सिकंदर को हिरासत में लेकर थाना लाया गया। वहां उसकी तबीयत बिगड़ गई। हाथ-पैर कांपने लगे। पुलिस ने तुरंत उसे सीएचसी में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रक्तचाप और शुगर लेवल बढ़ा पाया। हालत गंभीर देख उसे जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया। सीओ प्रिया आर्याणी ने बताया कि रोज की तरह वह लोगों से मिल रही थीं। इसी दौरान सिकंदर अहमद दाखिल खारिज वाद संख्या 598/2024-25 से जुड़े कागज लेकर पहुंचे। उन्होंने राजस्व कर्मचारी जयप्रकाश राम को फोन पर निष्पादन का निर्देश दिया। तभी सिकंदर ने एक बंद लिफाफा दिया, जिसे सीओ ने लौटा दिया। हल्ला सुनकर अंचल गार्ड पहुंचा। सीओ ने कहा कि यह किसी साजिश का हिस्सा लग रहा है।