- Hindi News
- National
- Sam Pitroda Interview Update; Rahul Gandhi Strategic Skills | Rajiv Gandhi
नई दिल्ली17 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने बुधवार (4 सितंबर) को शिकागो से न्यूज एजेंसी PTI को इंटरव्यू दिया।
राजीव गांधी की तुलना में उनके बेटे राहुल गांधी ज्यादा समझदार हैं। वे बौद्धिक होने के साथ-साथ एक बेहतर रणनीतिकार भी हैं। राजीव थोड़े ज्यादा मेहनती थे। दोनों का DNA एक जैसा है। दोनों नेता आइडिया ऑफ इंडिया के संरक्षक हैं।
गांधी परिवार के करीबी और इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने शिकागो से न्यूज एजेंसी PTI को दिए इंटरव्यू में ये बातें कहीं। पित्रोदा ने कहा कि कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी में फ्यूजर प्रधानमंत्री के सारे गुण हैं।
पित्रोदा बोले- राहुल की छवि बिगाड़ने के लिए करोड़ों डॉलर खर्च किए गए
पित्रोदा ने कहा कि राहुल के खिलाफ एक गलत छवि बनाई गई थी। उन्हें बदनाम करने के लिए लाखों-करोड़ों डॉलर खर्च किए गए। मीडिया में जो राहुल की छवि थी, वह एक सुनियोजित कैंपेन पर आधारित थी। राहुल काफी पढ़े-लिखे हैं। लोगों ने कहा कि वे कभी कॉलेज नहीं गए। उनके बारे में झूठी बातें कहीं गईं।
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘अब राहुल गांधी की वैसी छवि सामने आ रही है, जैसे वे सच में हैं। उनकी दो भारत जोड़ो यात्राओं ने इसमें काफी मदद की। मैं इसका श्रेय राहुल को देता हूं। उन्होंने लंबे समय तक इसके खिलाफ लड़ाई लड़ी और बच गए। कोई और रहता तो बच नहीं पाता।
किसी व्यक्ति, उसके परिवार, उसकी विरासत, उसकी पार्टी के चरित्र पर दिन-रात हमला करना बुरा है। ये मतलबी लोग हैं जो जानबूझकर झूठ बोलते हैं, धोखा देते हैं और व्यक्तियों के बारे में तरह-तरह की बातें कहते हैं। मैंने अपने मामले में भी बहुत कम हद तक ऐसा देखा है।’
कांग्रेस नेता ने कहा- राजीव और राहुल में लोगों के लिए चिंताएं एक समान
पित्रोदा ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और राहुल गांधी के बीच समानताओं और फर्क के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘मैंने कई प्रधानमंत्रियों जैसे राजीव गांधी, पीवी नरसिम्हा राव, मनमोहन सिंह, वीपी सिंह, चंद्रशेखर और एचडी देवेगौड़ा के साथ मिलकर काम किया है।
मुझे कई प्रधानमंत्रियों को बहुत करीब से देखने का मौका मिला, लेकिन राहुल और राजीव के बीच शायद यही अंतर है कि राहुल ज्यादा बौद्धिक, विचारक हैं। राजीव थोड़े ज्यादा कर्मशील थे। उनका DNA एक जैसा है। लोगों के लिए उनकी चिंताएं और भावनाएं एक जैसी हैं। वे सभी के लिए एक बेहतर भारत बनाने में विश्वास करते हैं। वे सच में बहुत सरल लोग हैं। उनकी कोई बड़ी व्यक्तिगत जरूरतें नहीं हैं।’
पित्रोदा बोले- राहुल ने दादी और पिता की मौत का सदमा झेला
कांग्रेस नेता ने आगे कहा, ‘राहुल और राजीव अलग-अलग समय, साधनों, अनुभवों की उपज हैं। राहुल अपने जीवन में दो बड़े सदमे से गुजरे हैं। उन्होंने अपनी दादी और अपने पिता की मौत देखी। राहुल और राजीव का सफर अलग-अलग है।
कांग्रेस ने जिस भारत की कल्पना की थी और पार्टी का हर नेता उसमें विश्वास करता है, वह एक ऐसा भारत है, जिसकी कल्पना कांग्रेस पार्टी ने की थी और पार्टी का हर नेता उसमें विश्वास करता है। नरसिम्हा राव इसमें विश्वास करते थे, खड़गे इसमें विश्वास करते हैं। कांग्रेस के हम सभी नेताओं का सामूहिक रूप से यह काम है कि हम उस भारत का निर्माण करें, जिसकी परिकल्पना हमारे संस्थापकों ने की थी।’