देहरा के पूर्व विधायक होशियार सिंह
हिमाचल की देहरा विधानसभा से पूर्व विधायक एवं BJP प्रत्याशी होशियार सिंह ने राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को एक शिकायत भेजकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी एवं देहरा की MLA कमलेश ठाकुर को छह साल के लिए अयोग्य घोषित करने की मांग की है।
.
होशियार सिंह ने देहरा विधानसभा उप चुनाव के दौरान मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट की अवहेलना के आरोप लगाए हैं। उन्होंने राज्यपाल से इसकी जांच CBI कराने की मांग की है। राज्यपाल को भेजी शिकायत में होशियार ने लिखा, आचार संहिता के दौरान कांगड़ा सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक (KCC) और वेल्फेयर डिपार्टमेंट के जरिए करोड़ों रुपए बांटे गए।
उन्होंने कहा कि देहरा के 67 महिला मंडलों को उप चुनाव के दौरान 50-50 हजार रुपए बांटे गए हैं। यह पैसा वोटिंग के 10 से 15 दिन पहले बांटा गया है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने अपनी पत्नी को चुनाव जिताने के लिए पद का दुरुपयोग किया है। यह सीधे सीधे चुनाव आचार संहिता का उलंघन है।
मुख्यमंत्री सुक्खू और देहरा से उनकी विधायक पत्नी कमलेश ठाकुर
67 महिला मंडलों की लिस्ट भी गवर्नर को सौंपी
होशियार सिंह ने उन 67 महिला मंडलों की सूची भी राज्यपाल को सौंपी है, जिन्हें चुनाव के दौरान यह पैसा दिया गया है। उन्होंने इस मामले की सीबीआई जांच मांगी है। साथ ही इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया को भी शिकायत भेजकर इस पर संज्ञान लेने की मांग की है।
CM की पत्नी से उप चुनाव हार गए थे होशियार सिंह
बता दें कि होशियार सिंह दिसंबर 2022 में निर्दलीय चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। बीते साल राज्यसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी अभिषेक मनु सिंघवी के खिलाफ वोट दिया। 23 मार्च को उन्होंने दिल्ली में बीजेपी जॉइन की और विधायक पद से इस्तीफा दिया। इसके बाद देहरा में 10 जून को विधानसभा उप चुनाव हुए। इन चुनाव में होशियार सिंह चुनाव हार गए और मुख्यमंत्री की पत्नी कमलेश ठाकुर यहां से उप चुनाव जीत गईं।