लाल बहादुर शास्त्री नेशनल एकेडमी ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन, मसूरी के 2025 बैच के 10 प्रशिक्षु आईएएस पदाधिकारियों ने शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन से शिष्टाचार मुलाकात की। उपायुक्त ने बताया कि सभी प्रशिक्षु अधिकारी विंटर स्टडी टूर के तहत धनबाद पहुंचे हैं।
विंटर स्टडी टूर आईएएस प्रोफेशनल कोर्स का अहम हिस्सा है, जिसके माध्यम से प्रशिक्षु अधिकारियों को सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के कार्यों, गुड गवर्नेंस की पहलों तथा विभिन्न राज्यों की प्रशासनिक कार्यप्रणाली से अवगत कराया जाता है। इस दौरे का उद्देश्य युवा सिविल सेवकों में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की दक्षता और व्यावहारिक अनुभव विकसित करना है।
उपायुक्त से मुलाकात के बाद प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने जिला खनन पदाधिकारी रितेश राज तिग्गा के साथ बेलगड़िया टाउनशिप का भ्रमण किया। इसके पश्चात भारत कोकिंग कोल लिमिटेड के ब्लॉक-2 ओपन कास्ट प्रोजेक्ट, मुनिडीह अंडरग्राउंड माइन्स तथा एना फायर प्रोजेक्ट का भी दौरा किया।इस अवसर पर वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास पालिवाल, प्रशिक्षु अधिकारियों के ग्रुप लीडर सिद्धार्थ सिंह, सहायक ग्रुप लीडर आकाश गर्ग सहित सभी प्रशिक्षु आईएएस पदाधिकारी मौजूद रहे।















