धनबाद में 12वां सर्वधर्म सामूहिक विवाह 18 जनवरी को, 101 जोड़े होंगे एक दूजे के

editor
2 Min Read

धनबाद। हिरापुर स्थित वेडिंग बेल्स मैरेज हॉल में सोमवार को सर्वधर्म सामूहिक विवाह समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के चेयरमैन मनजीत सिंह ने की। बैठक में आगामी 18 जनवरी 2026 को गल्फ ग्राउंड, धनबाद में होने वाले भव्य सामूहिक विवाह समारोह की रूपरेखा तय की गई। इस वर्ष कार्यक्रम के 12वें संस्करण में 101 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे।

समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि विवाह पूरी तरह नि:शुल्क कराया जाएगा। अब तक लगभग 50 जोड़ों ने रजिस्ट्रेशन फॉर्म ले लिए हैं। फॉर्म बेकारबांध स्थित पंडित डेकोरेटर, चिरागोडा स्थित होटल वुडलैंड के पास और मनईटांड स्थित ब्यूटी डेकोरेटर से मुफ्त में उपलब्ध हैं।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को घर बसाने हेतु आवश्यक सामान समिति की ओर से दिया जाएगा। इसके अलावा बारात एवं सरात के भोजन की व्यवस्था भी की जाएगी, जिसमें करीब 10 हजार लोगों के लिए भोजन तैयार होगा।समिति के उपाध्यक्ष द्वारिका प्रसाद तिवारी ने बताया कि विवाह समारोह सुबह 10 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे विदाई के साथ संपन्न होगा। समिति के सदस्य दिलीप सिंह ने कहा कि यह 12वां सर्वधर्म सामूहिक विवाह अब तक का सबसे भव्य और ऐतिहासिक कार्यक्रम होगा, जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल होंगे।

महिला विंग की जया सिंह ने बताया कि सभी दुल्हनों की रस्में पूरी कर उन्हें मंच तक पूरी व्यवस्था के साथ पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।बैठक में भरतजी भगत, दिलीप कुमार सिंह, तारक नाथ दास, नीरज कुमार शाहा, संजय तिवारी, रंजन श्रीवास्तव, समीरन सरकार, गुड्डू साव, नवीन कुमार, संगीता जायसवाल, सरिता सिंह, प्रिया सिंह, अर्चना, पुष्पा सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Comment