धनबाद:आसनसोल स्थित सेंट विंसेंट हाई एंड टेक्निकल स्कूल में शनिवार को 13वां पूर्ववर्ती छात्र पुनर्मिलन समारोह उत्साह और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। कड़ाके की ठंड के बावजूद पश्चिम बंगाल, झारखंड, तेलंगाना, ओडिशा, गुजरात, तमिलनाडु और नई दिल्ली सहित देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे पूर्व छात्रों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे विद्यालय ध्वज के ध्वजारोहण से हुई, जिसके बाद पूर्व छात्रों ने कदमताल करते हुए मार्च पास्ट किया। विद्यालय प्रांगण में मैत्री क्रिकेट मैच समेत कई खेलकूद गतिविधियों का आयोजन हुआ। शाम को आयोजित सांस्कृतिक व संगीत कार्यक्रम में पूर्ववर्ती छात्रों ने एक-दूसरे से मिलकर बचपन और स्कूल जीवन की यादों को ताजा किया।इस भव्य आयोजन को नेशनल मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एनएमडीसी) ने प्रायोजित किया। समारोह में एनएमडीसी के चेयरमैन अभिताभ मुखर्जी, कोलकाता हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस देबांशु बासक, सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता महेश प्रसाद, प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय मुखर्जी सहित सैकड़ों पूर्व छात्र, शिक्षक और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि सेंट विंसेंट स्कूल की स्थापना वर्ष 1919 में क्रिश्चियन ब्रदर्स द्वारा की गई थी। ब्रिटिश कालीन विरासत से सजा यह विद्यालय परिसर आज भी अपने 14 खेल मैदानों, स्विमिंग पूल, दो ऑडिटोरियम और ऐतिहासिक संरचनाओं के साथ शिक्षा व संस्कारों की मिसाल बना हुआ है।















