धनबाद, 18 नवंबर 2025:राजगंज–तोपचांची रोड स्थित ग्राम ब्राह्मणडीहा में मंगलवार को एस जे ए एस सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन ग्राम के मुखिया विवेक पासवान ने किया। सुबह 10 बजे से शुरू हुआ शिविर दोपहर 2:30 बजे तक चला, जिसमें ब्राह्मणडीहा सहित आसपास के कई गांवों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
शिविर में करीब 140 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। इसमें रक्तचाप, ब्लड शुगर, वजन की माप तथा सामान्य नेत्र जांच जैसी सुविधाएँ मुफ्त प्रदान की गईं। मेडिकल टीम ने लोगों को बीमारियों से बचाव, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व के बारे में जागरूक किया।
ग्रामीणों ने ऐसे स्वास्थ्य शिविरों को बेहद उपयोगी बताया और एस जे ए एस सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल प्रबंधन के प्रति आभार जताया। यह आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

















