2024 में बांदा जिले से जुड़ी कई घटनाएं ऐसी रहीं, जिन्होंने पूरे प्रदेश और देशभर में सुर्खियां बटोरीं। इनमें बाहुबली मुख्तार अंसारी की मौत, लुटेरी दुल्हन का गिरोह और दो सहेलियों की खुदकुशी जैसी घटनाएं शामिल हैं। आइए, जानते हैं इन घटनाओं की पूरी कहानी।
.
मुख्तार अंसारी की जेल में मौत 28 मार्च 2024 को बांदा जेल में बंद बाहुबली मुख्तार अंसारी का कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। उन्हें उल्टी और बेहोशी की हालत में रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी जान बचाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे।मुख्तार के भाई अफजाल अंसारी ने धीमा जहर देकर हत्या का आरोप लगाया। जांच में विसरा रिपोर्ट में मौत की वजह दिल का दौरा बताई गई। यह घटना देशभर में चर्चा का विषय बनी।
दुबई में फांसी की सजा से बची शहजादी ग्योरा मुगली की रहने वाली शहजादी को दुबई की अदालत ने हत्या के आरोप में फांसी की सजा सुनाई थी। 20 सितंबर के बाद कभी भी सजा लागू हो सकती थी। शहजादी के परिवार ने भारतीय राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री से हस्तक्षेप की अपील की। अदालत ने फांसी पर फिलहाल रोक लगा दी, लेकिन यह मामला भी बड़ी चर्चा में रहा।
सास की हत्या करने वाली बहू 25 सितंबर को बदौसा थाना क्षेत्र के शाहपुर शनि में सास-बहू के विवाद ने खौफनाक मोड़ लिया। बहू गुड़िया उर्फ सरोज ने टोकाटोकी से परेशान होकर सास घूमती पर हंसिया और चकिया से हमला कर उनकी हत्या कर दी। यह घटना भी पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी।

बस हादसे में 21 घायल, 1 की मौत 14 दिसंबर को देहात कोतवाली क्षेत्र के हथौड़ा गांव में एक प्राइवेट बस हादसे का शिकार हो गई। बस चालक ने सामने आ रही कार को बचाने की कोशिश की, जिससे बस खाई में लटक गई। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई और 21 लोग घायल हुए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

लुटेरी दुल्हन का गिरोह पकड़ा गया 23 दिसंबर को देहात कोतवाली क्षेत्र के जमालपुर गांव में पुलिस ने लुटेरी दुल्हनों के गिरोह का भंडाफोड़ किया। इस गिरोह में ज्योति नाम की युवती और उसकी साथी संजना शामिल थीं। ज्योति शादी के बाद कुछ दिन रहकर घर से गहने लेकर फरार हो जाती थी। पुलिस ने इस गिरोह के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की।

दो सहेलियों की खुदकुशी का मामला जारी गांव में रहने वाली सहेलियां गायत्री वर्मा और पुष्प प्रजापति की खुदकुशी ने सबको झकझोर दिया। पहले गायत्री ने फंदा लगाकर जान दी, और इसके बाद उसकी सहेली पुष्प ने भी ऐसा ही किया। दोनों ने एक-दूसरे के नाम अपने हाथों पर गुदवा रखे थे। यह घटना जनपद में चर्चा का विषय बनी रही।