गुवा (पश्चिमी सिंहभूम)।गुवा रेलवे मार्केट निवासी नरेश गोप की 25 वर्षीय विवाहित बेटी की गुरुवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से इलाके में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9 बजे युवती के पेट में अचानक तेज जलन की शिकायत हुई, जिसके बाद परिजन उसे तत्काल गुवा सेल अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई और कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया।
मामले की सूचना मिलते ही गुवा पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई। मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।शुक्रवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए छानबीन कर रही है।


















