मांडर: प्राकृतिक आपदा, सड़क दुर्घटना और मकान क्षति से प्रभावित कुल 43 लाभुकों के बीच अनुग्रह अनुदान राशि का वितरण शुक्रवार को मांडर प्रखंड कार्यालय सभागार में किया गया। वितरण कार्यक्रम में झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। इस दौरान किसानों के बीच गेहूं और चना बीज भी वितरित किए गए।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि सरकार की तरफ से मिलने वाली यह सहायता पीड़ित परिवारों को फिर से सबल करने में मदद करती है। उन्होंने कहा कि कई बार जानकारी के अभाव में लोग सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाते। विशेषकर दुर्घटना या प्राकृतिक आपदा में मौत की स्थिति में पोस्टमार्टम अनिवार्य होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर कई लोग लाभ से वंचित रह जाते हैं।
मंत्री ने ग्रामीणों से अपील की कि वे भ्रम फैलाने वालों से सावधान रहें और सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं। उन्होंने कहा, “सरकार जनता के लिए कई तरह की योजनाएं चलाती है, बस जरूरत है जानकारी और प्रक्रिया को समय पर पूरा करने की।”कार्यक्रम में BDO चंचला कुमारी, प्रखंड अध्यक्ष मंगा उरांव, सरिता तिग्गा, फिलिप सहाय एक्का सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हेशमी में शहीद शेख भिखारी स्टेडियम का उद्घाटन, खिलाड़ियों को मिला किट-:कार्यक्रम के बाद मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की मांडर प्रखंड के हेशमी पहुंचीं, जहां उन्होंने शहीद शेख भिखारी स्टेडियम का जीर्णोद्धार के बाद उद्घाटन किया और खिलाड़ियों के बीच किट वितरित किए।उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले तक यह स्टेडियम उपेक्षित अवस्था में था, लेकिन अब यहां प्रतिदिन 200 से अधिक युवा अभ्यास करने आते हैं। मंत्री ने घोषणा की कि नए साल में स्टेडियम में एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जल्द ही मैदान परिसर में लाइब्रेरी की शुरुआत की जाएगी, ताकि यह स्थान खेल के साथ शिक्षा के लिए भी उपयोगी साबित हो सके।मंत्री ने ग्रामीणों से अपील की कि सरकारी संपत्तियों को अपनी संपत्ति की तरह सुरक्षित रखें और कहा कि वे युवाओं की हर संभव मदद के लिए हमेशा तत्पर रहेंगी।कार्यक्रम में मंगा उरांव, शमीम अख्तर, सरिता तिग्गा, रशीद, माधुरी समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।—#MandarNews #ShilpiNehaTirkey #JharkhandGovt #AnugrahAnudan #SportsDevelopment #VandeBharatNews






















