धनबाद में किन्नर समाज के दो प्रमुख गुट—छमछम देवी गुट और सुनैना किन्नर गुट—के बीच क्षेत्रीय वर्चस्व को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। कई दिनों से चले आ रहे तनाव के बीच सोमवार को मामला फिर उग्र हो गया, जब सुनैना किन्नर अपने साथियों के साथ अचानक रणधीर वर्मा चौक पहुंचीं और बीच सड़क पर धरने पर बैठ गईं।
धरने के कारण चौक पर जाम की स्थिति बन गई। ट्रैफिक पुलिस के बार-बार अनुरोध के बाद भी सुनैना किन्नर ने सड़क खाली करने से इनकार कर दिया। बाद में धनबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उनके समझाने पर भी सुनैना किन्नर धरने से नहीं उठीं। उन्होंने साफ कहा कि जब तक पुलिस कार्रवाई नहीं करती, उनका धरना जारी रहेगा।
सुनैना किन्नर ने आरोप लगाया कि छमछम देवी गुट उनके क्षेत्र में आकर परंपरा के खिलाफ बधाई मांगते हैं, और विरोध करने पर उनके गुट के सदस्यों के साथ मारपीट की जाती है। उनका दावा है कि बीते दिन उनकी एक साथी के साथ बुरी तरह मारपीट की गई, लेकिन शिकायत दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की।
उन्होंने चेतावनी दी है कि दोषियों पर कार्रवाई होने तक धरना अनिश्चितकालीन जारी रहेगा। उधर, पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने का प्रयास कर रही है।

















