‘ये बंगाल है, वेस्ट बंगाल, बंगाली में बात करो… जो बोला जाए, उसका जवाब बंगाली में दो।‘
.
हमसे ये बात खुद को पुलिसवाला बता रहा एक व्यक्ति कहता है। जगह- कोलकाता का भवानीपुर। ये ममता का मोहल्ला है। हां ममता बनर्जी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के घर के बाहर।
हमने ऐतराज जताया, कहा- क्या बंगाली आनी जरूरी है, हिंदी में बात नहीं कर सकते? इस बीच पुलिस वाले के साथ और पुलिस वाले आ जाते हैं। सब सादे कपड़ों में हैं। बहस के बीच उनमें से कुछ तल्ख होते हैं और कुछ नरम भी, लेकिन हमारे कैमरे की रिकॉर्डिंग डिलीट कराने के पीछे पड़ जाते हैं। फिर हमें वहां से जाने को कहते हैं।
ये महज एक घटना नहीं है। पश्चिम बंगाल में चुनावी रिपोर्टिंग के दौरान हमें डर का ये माहौल जगह-जगह नजर आया।

ममता बनर्जी के घर के सामने खुद को पुलिस वाला बताकर हमें धमका रहे शख्स की तस्वीर।
भवानीपुर
मुंह खोला तो रोजी-रोटी चली जाएगी, परिवार होता तो मैं भी नहीं बोलता
पश्चिम बंगाल में पिछले एक महीने की रिपोर्टिंग के दौरान जब हमने चुनाव पर सवाल किए, तो लोग कैमरे पर बोलने से बचते दिखे। पहले लगा कि शायद सहज नहीं हैं, लेकिन बाद में कई लोगों ने ऑफ कैमरा बात करने की इच्छा जताई। तब समझ आया कि ये झिझक नहीं, डर है। लोगों ने TMC का दबाव होने और डर की आशंका जताई।
भवानीपुर में हमें केटरिंग का काम करने वाले चंदन दास मिले। उन्होंने बताया,
लोग यहां खुलकर नहीं बोलते, क्योंकि चुनाव के बाद हिंसा का डर रहता है। मुझे कोई डर नहीं, क्योंकि मेरा परिवार नहीं है। अगर होता तो मैं भी आपसे कभी बात नहीं करता।

रंगाई-पुताई का काम करने वाले बबला कहते हैं, ‘यहां लोग उसी पार्टी के साथ चलना सुरक्षित समझते हैं, जो सरकार में होती है।‘ अर्जुन दास फुटपाथ की ढलाई का काम करते हैं। वे कहते हैं, ‘मैं किसी के बारे में कुछ नहीं बोलूंगा, वरना रोजी-रोटी छिन जाएगी। पहले भवानीपुर में वोट देता था। अब नाम कटवाकर झारखंड में अपने गांव पर ट्रांसफर करा लिया है।‘
वहीं, मधुश्री कौर महिलाओं की सुरक्षा और भ्रष्टाचार को बड़ा मुद्दा बताती हैं। उनका कहना है कि कोलकाता में लोग खुलकर राय रखने में हिचकते हैं।

भवानीपुर में एक महिला हमसे बात करते-करते अचानक घर के अंदर चली गईं और ‘डोंट माइंड‘ कहकर दरवाजा बंद कर लिया।
पश्चिमी मेदिनीपुर
हर बार पोलिंग बूथ से लौटाया, 40 साल में पहली बार वोट डाला
बंगाल में पहले चरण की वोटिंग के दौरान हम पश्चिमी मेदिनीपुर में थे। यहां 40 साल के महादेव मांडी बताते हैं, ‘अबकी पहली बार वोट डाला। पहले जब भी वोटिंग सेंटर गया, ये कहकर लौटा दिया गया कि तुम्हारा वोट डल चुका है।‘
वो हैरानी जताते हुए कहते हैं, ’वोटर आईडी कार्ड मेरे पास है, लेकिन मेरा वोट कोई और डाल रहा था। मुझे कभी मौका ही नहीं मिला।‘
यहां मिले एक स्थानीय व्यक्ति बताते हैं कि 280 नंबर अयोध्याबार बूथ को पहले चरण की वोटिंग में TMC कार्यकर्ताओं ने जाम कर दिया था। वो BJP के वोटर बूथ तक पहुंचने नहीं दे रहे थे। जब दैनिक भास्कर की टीम वहां पहुंची, तब बूथ के बाहर 7 से 8 महिला एजेंट्स और एक पुरुष एजेंट मिले। ये बिना किसी रोक-टोक बैठे रहे। इन पर बूथ से 200 मीटर का फासला मेंटेन करने का दबाव भी नहीं था।

वोटिंग के दिन चुनाव पर सवाल करते ही लोग अचानक पीछे हट गए। फिर हिंदी न आने का बहाना बनाकर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।
इस पर TMC कार्यकर्ता अभिजीत कहते हैं, ‘BJP कार्यकर्ताओं के लगाए आरोप महज अफवाह हैं। बूथ पर सुरक्षा के लिए ममता बनर्जी की पुलिस नहीं, सेंट्रल फोर्स तैनात है। उनसे घटना की पुष्टि की जा सकती है।‘
पानीहाटी
पीड़ित डॉक्टर की मां की सभा खाली, TMC वाले निगरानी कर रहे
आरजी कर अस्पताल में रेप-मर्डर की पीड़ित की मां रतना देबनाथ यहां से BJP उम्मीदवार हैं। लोग उनका समर्थन करने या सभा में शामिल होने तक से डर रहे हैं। सभा के दौरान हमें एक महिला मिलीं। वो रतना का समर्थन करते हुए कहती हैं, ‘हम सब उनके साथ हैं, लेकिन साथ खड़े नहीं हो सकते। TMC के लोग यहीं घूम रहे हैं। अगर देख लिया, तो हमें कोई मदद नहीं मिलेगी।‘

BJP उम्मीदवार रतना देबनाथ की सभा में महिलाएं डर की वजह से नहीं आईं, घर की खिड़कियों से ही झांकती रहीं।
जब हम महिला से बात कर रहे थे, तभी एक बाइक सवार वहां से तीन-चार बार चक्कर काटता दिखा। मैं बाइक वाले को रोककर पूछती हूं, आप किसी पार्टी से हैं क्या ? वो अपना नाम पार्थो दास बताता है। ठेकेदारी का काम करता है। फिर उसने कहा- आप यहां पहली बार आई हैं, इसलिए फॉलो कर रहा था और कोई वजह नहीं है।
राजरहाट गोपालपुर
पाड़ा क्लबों से TMC का प्रचार, इसलिए बोलने से कतरा रहे
कोलकाता में रहने वाले सुदर्शन मिश्रा अक्सर लोकल क्लब जाते हैं। क्लब का नाम केष्टोपुर है। सुदर्शन कहते हैं, ‘क्लब के बारे में बहुत कुछ जानकर भी कुछ नहीं कह सकता। बगल में रहकर उनके खिलाफ कैसे बोलूं। जिसे जहां अपना स्वार्थ लगता है, वहां काम करता है। यहां सब लोग साथ रहते हैं, इसलिए कुछ कहने से डर लगता है।’
सुदर्शन इतना बताते हैं, लेकिन बाकी लोग कुछ भी कहने को तैयार नहीं होते। वे कहते हैं, ’आगे चले जाइए, यहां आपसे कोई बात नहीं करेगा।’

बंगाल के पाड़ा क्लबों में भी चुनाव को लेकर बातचीत करने से सभी बचते दिखे।
संदेशखाली
चुनाव से पहले हिरासत में लिया, अबकी पता नहीं क्या करेंगे
संदेशखाली में स्थानीय लोग बताते हैं कि 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान वोटिंग से ठीक दो दिन पहले संदेशखाली पुलिस ने उन्हें उठा लिया और जेल में डाल दिया था। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी यही घटना हुई। उन्हें वोटिंग से दो दिन पहले फिर हिरासत में ले लिया गया।
2026 के चुनाव को लेकर वे डरे हुए हैं। उन्हें अंदाजा नहीं कि दूसरे चरण की वोटिंग से पहले उनके साथ क्या होगा।
शाहजहां के गुंडे आज भी धमका रहे, पुलिस भी उनकी सुनती
यहीं मिली एक महिला ने बताया कि गांव में महिलाओं और लड़कियों का उत्पीड़न आम बात थी। शाहजहां के डर से कई परिवार उजड़ गए। उन्होंने पुलिस पर भी मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि वो ग्रामीणों की सुनने के बजाय शाहजहां के इशारों पर काम करती थी।
वे ममता बनर्जी के दौरे पर निराशा जताते हुए कहती हैं, ‘दीदी ने लोकल लोगों की समस्याएं सुनने के बजाय सिर्फ बाहरी लोगों से बात की। अब भी शाहजहां के आदमी हमें धमका रहे हैं, इसलिए अब चुप नहीं रहेंगे और बदलाव के लिए संघर्ष करेंगे।‘

संदेशखाली में रहने वाली जवा सिंघा भी आरोप लगाते हुए कहती हैं, ‘शाहजहां ने गांव में खेल के मैदान और किसानों की जमीनों पर जबरदस्ती कब्जा कर लिया था।‘
एक्सपर्ट बोले- पश्चिम बंगाल चुनाव में डर का फैक्टर 30%
बंगाल चुनाव में डर के माहौल को लेकर हमने रविंद्र भारती यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर बिस्वनाथ चक्रवर्ती से बात की। वे कहते हैं, ‘पश्चिम बंगाल के चुनावों में डर बड़ा फैक्टर है। पिछले तीन-चार चुनावों में TMC की जीत में डर की भूमिका लगभग 30% रही है।‘
‘वोटरों और BJP कार्यकर्ताओं को डराकर TMC चुनाव प्रचार करने और वोटिंग करने से रोकती है। लोगों को धमकाया जाता है कि अगर BJP को वोट दिया, तो ‘लक्ष्मी भंडार’ जैसी सरकारी योजनाओं का फायदा मिलना बंद हो जाएगा।‘
वे आगे कहते हैं कि सुरक्षा बलों की तैनाती के बावजूद BJP कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की जा रही है। TMC का राजनीतिक कल्चर ही हिंसा और डर के आधार पर चुनाव जीतना रहा है।
मालदा की एक घटना का उदाहरण देते हुए चक्रवर्ती कहते हैं, ‘जब सत्ताधारी पार्टी के समर्थक जजों को डरा सकते हैं, तो आम जनता को डराना उनके लिए कोई बड़ी बात नहीं है।‘

TMC बोली- ये डर TMC से नहीं, BJP से
TMC में आईटी सेल और सोशल मीडिया सेल के प्रमुख देवांशु भट्टाचार्य इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हैं। वे कहते हैं, ‘ये डर TMC से नहीं, BJP से है। बंगाल में एग्जिट पोल इसलिए कई बार गलत साबित होते हैं, क्योंकि लोग सार्वजनिक तौर पर BJP का समर्थन करते हैं, लेकिन वोट TMC को देते हैं।’
भवानीपुर की घटना को लेकर वे कहते हैं कि ये व्यक्ति विशेष का व्यवहार हो सकता है। पार्टी ऐसी किसी भी घटना का समर्थन नहीं करती है।
…………………..
पश्चिम बंगाल चुनाव पर ये ग्राउंड रिपोर्ट भी पढ़ें…
1. आरजी कर रेप-मर्डर केस की पीड़ित की मां BJP कैंडिडेट, सभा में कुर्सियां खाली

पानीहाटी सीट से आरजीकर रेप केस की पीड़ित की मां रतना देबनाथ BJP के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। 12 अप्रैल को सभा करने गईं तो कुर्सियां खाली पड़ी थीं। रतना देबनाथ अपने चुनाव लड़ने को बेटी को इंसाफ दिलाने की लड़ाई बता रही हैं। महिलाएं उनकी सभा के सामने से गुजरते हुए रुकती हैं। पूछने पर कहती हैं, ‘हम साथ हैं, लेकिन दिखा नहीं सकते। TMC वाले घूम रहे हैं। साथ देख लिया, तो मुश्किल होगी।’ पढ़िए पूरी खबर…















