केंदुआडीह में जहरीली गैस का रिसाव, दहशत में लोग; दो दर्जन से अधिक बीमार, एक तोता की मौत — प्रशासन अलर्ट

editor
3 Min Read

धनबाद। केंदुआडीह थाना क्षेत्र के राजपूत बस्ती, मस्जिद मोहल्ला और 5 नंबर सहित कई इलाकों में सोमवार देर रात अचानक दुर्गंध फैलने के बाद जहरीली गैस रिसाव की खबर से अफरा-तफरी मच गई। करीब एक हजार आबादी वाले क्षेत्र में अब तक दो दर्जन से अधिक लोग गैस की चपेट में आकर बीमार पड़ चुके हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। गैस के प्रभाव से एक पालतू तोते की भी मौत हो गई, जिससे लोगों में दहशत और बढ़ गई है।

सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और बीसीसीएल के सेफ्टी ऑफिसर, केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पांडे सहित अधिकारियों की टीम गैस डिटेक्टर मशीन के साथ मौके पर पहुंची। प्राथमिक जांच में आशंका जताई गई कि थाना के पास स्थित जीएम गेस्ट हाउस के समीप झाड़ियों के आसपास से गैस निकल रही है। हालांकि गैस का प्रकार और सही स्रोत अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

एरिया सेफ्टी ऑफिसर तुषार कांत ने कहा कि क्षेत्र में गैस की मौजूदगी की संभावना है। दुर्गंध काफी तेज है, लेकिन गैस का प्रतिशत पता लगाने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि मामले को उच्चस्तर पर भेज दिया गया है और रिसाव बंद कराने की तैयारी चल रही है।

बीसीसीएल एजेंट लखन लाल बरनवाल ने कहा कि गैस के स्रोत की तलाश की जा रही है। जैसे ही इसकी लोकेशन मिल जाएगी, उसे भरने का काम शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि डिटेक्टर मशीन से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

स्थानीय लोगों में भय और तनाव का माहौल है। कई निवासी सिरदर्द, उल्टी और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याओं की शिकायत कर रहे हैं।स्थानीय टिंकू अंसारी ने बताया कि कई लोग अचानक बीमार होकर गिर पड़े।रामकिशन, जिनके घर का पालतू तोता मर गया, ने कहा कि गैस का असर बहुत तेज था।

स्थानीय महेश गोस्वामी ने बताया कि उनकी बच्ची घर से निकलते ही चक्कर खाकर गिर पड़ी। डॉक्टरों ने उसे जहरीली गैस का असर बताया है। उन्होंने दावा किया कि कई परिवार अपनी सुरक्षा को लेकर अस्थायी रूप से इलाके से निकल गए हैं।

केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पांडे ने कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत बीसीसीएल को सूचना दी गई। टीम रिसाव रोकने में लगी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।फिलहाल गैस रिसाव का कारण और स्रोत की पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और घरों के आसपास आग जलाने जैसी गतिविधियों से बचने की अपील की है। स्थिति सामान्य होने तक इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।

Leave a Comment