धनबाद: फसल कटाई के इस मौसम में धनबाद के खेतों में धान की मड़ाई जोर-शोर से शुरू हो गई है। पककर तैयार हो चुकी धान की फसल ने किसानों के चेहरों पर खुशियों की चमक ला दी है।
गुरुवार को मनईटांड़ के किसान सप्पू महतो ने बताया कि खेतों में मड़ाई के लिए मशीनें लगा दी गई हैं, जो धान को तिनकों से अलग करने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मेहनत भले अधिक है, लेकिन फसल की पैदावार देखकर यह थकान भी खुशी में बदल जाती है।
एक अन्य किसान दिनेश महतो ने बताया कि अच्छी पैदावार के चलते उन्हें इस बार बेहतर आय की उम्मीद है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
किसानों ने बताया कि सरकार द्वारा धान अधिप्राप्ति केंद्रों की स्थापना और खरीद की व्यवस्थित व्यवस्था से उन्हें राहत मिल रही है। इस बार फसल अच्छी होने की संभावना है, जिससे किसानों की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।
धान की मड़ाई शुरू होते ही पूरे क्षेत्र में एक बार फिर से खेती-किसानी की रौनक लौट आई है।
















