धनबाद।शहीद शक्ति नाथ महतो मेला के अवसर पर शक्ति ग्राम विकास संघ सिजुआ द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में जिले भर से आए कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मनईटांड़ बस्ती बैंक कॉलोनी की हर्षिता कुमारी महतो और हर्ष राज महतो ने अपनी शानदार प्रस्तुति से मंच पर धमाल मचा दिया और दर्शकों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम में हर्षिता कुमारी ने भरतनाट्यम और योग डांस की बेहतरीन प्रस्तुति दी, जबकि हर्ष राज ने ‘शिव तांडव’ कर पूरे माहौल को शिवमय बना दिया। दोनों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों से खूब तालियां बटोरीं। आयोजन समिति ने दोनों प्रतिभाओं को सर्टिफिकेट और मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
साथ ही समिति की ओर से हर्षिता के पिता मनोज महतो उर्फ मंटू और माता गीता देवी को भी बेटी की प्रतिभा को निखारने में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। हर्षिता की साथी कलाकार आकृति कुमारी को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया।हर्षिता के पिता मनोज महतो ने बताया कि बचपन से ही हर्षिता की रुचि सांस्कृतिक कार्यक्रमों और योग में रही है। वह कई बार सामाजिक संस्थाओं और समाजसेवियों द्वारा सम्मानित हो चुकी है। वहीं उनकी मां गीता देवी ने बताया कि हर्षिता वर्ष 2025 में योग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित 25वीं सब जूनियर–जूनियर स्टेट योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुकी है।
परिवार ने बताया कि हर्षिता पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों में भी आगे बढ़ने का संकल्प लेकर जिले और राज्य का नाम रोशन कर रही है।















