रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समन की अवहेलना से जुड़े मामले में रांची सिविल कोर्ट स्थित एमपी/एमएलए कोर्ट में पेश हुए। कोर्ट में उनकी उपस्थिति हाईकोर्ट के उस निर्देश के बाद हुई, जिसमें उन्हें अदालत में बेल बांड दाखिल करने को कहा गया था।
आज की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने मुख्यमंत्री सोरेन को अगली तारीख पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने से छूट दे दी है। अब वे आगामी सुनवाई में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हो सकेंगे। मामले की सुनवाई के वक्त महाधिवक्ता राजीव रंजन और अधिवक्ता प्रदीप चंद्रा भी कोर्ट में मौजूद रहे।
ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री की ओर से हाईकोर्ट में व्यक्तिगत उपस्थिति से छूट की याचिका दाखिल की गई थी, जिस पर सुनवाई करते हुए अदालत ने उन्हें एमपी/एमएलए कोर्ट में बेल बांड भरने का निर्देश जारी किया था। कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए आज वे व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हुए।















