गोविंदपुर (धनबाद): गोविंदपुर क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक जाम और सड़क हादसों को रोकने के लिए ट्रैफिक डीएसपी अरविन्द कुमार ने आज इलाके का विस्तृत निरीक्षण किया। लंबे समय से सर्विस लेन पर जाम की स्थिति से स्थानीय लोग परेशान थे, जिसे देखते हुए पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए सफाई अभियान चलाया।
निरीक्षण के दौरान डीएसपी ने पुलिस बल के साथ मिलकर सर्विस लेन को पूरी तरह से क्लियर कराया। सड़क किनारे लगी अवैध दुकानें, कब्जे, बिना वजह खड़े वाहन और अवैध पार्किंग को हटाया गया। अब इस सर्विस लेन को मुख्य लेन (मेन लाइन) के रूप में उपयोग करने की तैयारी है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके।
डीएसपी अरविन्द कुमार ने कहा कि गोविंदपुर की ट्रैफिक समस्या का स्थायी समाधान जनता की भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सड़क किनारे अनावश्यक पार्किंग न करें, अतिक्रमण न बढ़ाएँ और जाम की स्थिति बनने पर तुरंत सहयोग करें। उन्होंने कहा, “पुलिस और जनता के संयुक्त प्रयास से ही सड़क हादसों पर रोक लगाई जा सकती है और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित किया जा सकता है।”
ट्रैफिक विभाग की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में राहत की उम्मीद जगी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में गोविंदपुर क्षेत्र में यातायात प्रबंधन और सड़क सुरक्षा दोनों में सुधार होगा।#Govindpur #Dhanbad #TrafficUpdate #RoadSafety #EncroachmentRemoval #TrafficManagement #SafeRoads #VandeBharatNews
















