धनबाद में केंदुआडीह थाना और पुटकी अंचल क्षेत्र के कई इलाकों में हुए गैस रिसाव की घटना को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शनिवार को अपर समाहर्ता विनोद कुमार के नेतृत्व में गठित उच्चस्तरीय जांच समिति ने राजपूत बस्ती, नया धौड़ा, मस्जिद मोहल्ला सहित प्रभावित क्षेत्रों का विस्तृत दौरा किया।
टीम ने मौके पर लोगों से सीधे बात कर गैस रिसाव की शुरुआत, इसके बाद उत्पन्न समस्याओं, स्वास्थ्य प्रभाव और प्रशासनिक स्तर पर अब तक की गई कार्रवाइयों की जानकारी ली। समिति ने कहा कि घटना से जुड़ी हर महत्वपूर्ण जानकारी एकत्र कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान टीम कुस्तौर क्षेत्रीय अस्पताल भी पहुँची, जहाँ गैस से प्रभावित लोगों का इलाज जारी है। जांच समिति के सदस्यों ने मरीजों की स्थिति जानी और अस्पताल प्रबंधन से चिकित्सा सुविधाओं व उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा की।जांच टीम में जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी संजय कुमार झा, आईटी मैनेजर रूपेश कुमार मिश्रा, जिला खनन पदाधिकारी रितेश राज तिग्गा, सहायक श्रमायुक्त प्रवीण कुमार तथा जिला राजस्व शाखा से प्रशांत झा शामिल रहे। वहीं, स्थानीय स्तर पर पुटकी अंचलाधिकारी विकास आनंद, केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय तथा पीबी एरिया के निवर्तमान जीएम जी.सी. साहा भी टीम के साथ मौजूद थे।
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि गैस रिसाव के कारणों की पहचान कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी और प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद की जाएगी।



















