धनबाद/झरिया: इंडियन आइडल में अपनी आवाज़ से देशभर में पहचान बना रहे झारखंड के अभिषेक कुमार के परिवार की आर्थिक स्थिति को समझते हुए झरिया विधायक श्रीमती रागिनी सिंह ने बड़ा मानवीय कदम उठाया है। शनिवार को उन्होंने अभिषेक कुमार के पिता के टूटे हुए ठेले को बदलकर उन्हें नया ठेला सप्रेम भेंट किया।
विधायक रागिनी सिंह ने अपने सिंह मैनसन आवास पर अभिषेक के पिता को नया ठेला, शॉल और पुष्पगुच्छ प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने अभिषेक की सफलता और परिवार की कठिन यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा—> “अभिषेक की उपलब्धि और उनके पिता के संघर्ष को मैं सलाम करती हूँ। यह साबित करता है कि कठिनाइयाँ ही इंसान को मजबूत बनाती हैं। एक साधारण परिवार के बेटे ने आज अपने जज़्बे और परिवार के सहयोग से बड़ी पहचान बनाई है।”
उन्होंने आगे कहा कि अभिषेक को इस मुकाम तक पहुँचाने में उनके पिता अंजय साह की मेहनत और संघर्ष सर्वोपरि है और यह नया ठेला उसी संघर्ष को सलाम करने का एक छोटा सा प्रयास है।
विधायक ने जनता से की अपील — “अभिषेक को अधिक से अधिक वोट दें”रागिनी सिंह ने कोयलांचल और झारखंडवासियों से आग्रह करते हुए कहा कि वे अभिषेक को भरपूर समर्थन दें और अधिक से अधिक संख्या में वोट कर उन्हें इंडियन आइडल का विजेता बनाएं, ताकि वह धनबाद और झारखंड का नाम देशभर में और भी रोशन करें।
अभिषेक के पिता ने जताया आभार-:नया ठेला मिलने पर अभिषेक के पिता भावुक हो उठे और विधायक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सहायता उनके लिए बहुत बड़ी राहत है और इससे उनका दैनिक रोजगार भी सुचारू हो सकेगा।

















