केंदुआडीह में गैस रिसाव से हड़कंप, NDRF और माइंस रेस्क्यू टीम ने संभाला मोर्चा

editor
2 Min Read

धनबाद/केंदुआडीह: केंदुआडीह और कुसुंडा क्षेत्र में पिछले 3–4 दिनों से जारी जहरीली गैस का रिसाव अब गंभीर रूप ले चुका है। रविवार को गैस की मात्रा बढ़ने के साथ ही इलाके में दहशत फैल गई। केंदुआ नं. 5, वार्ड नं. 12 के कई लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई—कुछ लोग बेहोश होकर गिर पड़े, जबकि महिलाओं और बच्चों में घुटन और चक्कर आने जैसी शिकायतें तेज रहीं। पूरे क्षेत्र में स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है।

स्थिति गंभीर होते ही रांची NDRF टीम और माइंस रेस्क्यू टीम मौके पर पहुँचीं। दोनों टीमों ने गैस रिसाव क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए ड्रैगन मल्टी-गैस डिटेक्टर से जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में गैस की मात्रा सामान्य से अधिक पाई गई, जिसके बाद टीमों ने स्थानीय लोगों को सतर्क रहने और प्रभावित क्षेत्र से दूर रहने की अपील की।

राहत और बचाव कार्य तेज:टीमों ने घर–घर जाकर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करना शुरू कर दिया है। जरूरतमंद लोगों को प्राथमिक चिकित्सा भी दी जा रही है। कई लोग अभी भी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं और मेडिकल टीम उनकी निरंतर निगरानी कर रही है। स्थानीय लोग भी रेस्क्यू टीमों के साथ सहयोग कर रहे हैं।

स्थानीयों में बढ़ी चिंता:निवासियों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। लगातार गैस रिसाव और भूमिगत आग की घटनाओं ने उनके जीवन को हमेशा खतरे में डाल रखा है। लोगों ने प्रशासन और बीसीसीएल से स्थायी समाधान की मांग की है।

प्रशासन सतर्क:धनबाद प्रशासन ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और गैस रिसाव के वास्तविक कारणों की पहचान के लिए जांच तेज़ कर दी गई है। आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बल और मेडिकल टीमें भी तैनात की जा सकती हैं।

Leave a Comment