रांची। झारखंड विधानसभा सत्र के अंतराल के दौरान आज विधानसभा परिसर में विशेष चहल-पहल देखी गई। 2023 बैच के चार प्रशिक्षु IAS अधिकारियों—आनंद शर्मा, नाजिश उमर अंसारी, सिद्धांत कुमार और हिमांशु लाल—ने विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो से शिष्टाचार मुलाकात की। प्रशिक्षु अधिकारी सदन की कार्यवाही का प्रत्यक्ष अवलोकन करने और विधान प्रक्रिया को समझने के उद्देश्य से विधानसभा पहुंचे थे।
इस दौरान उन्होंने प्रश्नकाल, शून्यकाल और सदन में होने वाली संसदीय गतिविधियों का अवलोकन किया। अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने उन्हें विधानसभा की प्रक्रियाओं, विधायी कार्य और लोकतांत्रिक मूल्यों के महत्व की विस्तृत जानकारी भी दी। प्रशिक्षु IAS अधिकारियों ने विधानसभा का भ्रमण कर विभिन्न अनुभागों के कार्यों को समझा।
इसी क्रम में एमिटी विश्वविद्यालय रांची के पत्रकारिता एवं जनसंपर्क विभाग के छात्र-छात्राओं का दल असिस्टेंट प्रोफेसर संतोष कुमार के नेतृत्व में विधानसभा पहुंचा। छात्रों ने मीडिया गैलरी से सदन की कार्यवाही को नजदीक से समझा।इसके अलावा विद्या विकास पब्लिक स्कूल, रांची के छात्र-छात्राओं ने भी प्राचार्य ज्यां प्रसाद के नेतृत्व में विधानसभा का दौरा किया। बच्चों ने अध्यक्ष से मुलाकात कर सवाल पूछे और विधायी प्रक्रिया को समझने में रुचि दिखाई।
विधानसभा अध्यक्ष ने सभी छात्रों और प्रशिक्षु अधिकारियों को लोकतंत्र के इस सर्वोच्च मंदिर से जुड़े मर्यादा, अनुशासन और प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।




















